मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरी निकाय कार्यक्रम को किया संबोधित, कार्यक्रम में की कई अहम घोषणाएं

Published

CM Nayab Singh Saini: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के चौधरी रणवीर सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय शहरी स्थानीय निकाय जनप्रतिनिधिमंडल सम्मेलन में पहुंचे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह ने घोषणाएं करते हुए कहा, वार्ड के पार्षद चुनाव के बाद वार्ड में एक कमेटी का गठन होगा, कमेटी का चेयरमैन वार्ड का पार्षद ही होगा। इसी के साथ उन्होंने बताया कि कमेटी को वार्ड के अंदर होने वाले विकास कार्यों का बजट तैयार करने का अधिकार होगा। अगर सचिव नहीं है तो चेयरमैन को पावर दी है कि सचिव की गैरमौजूदगी में चेयरमैन किसी भी स्नातक से काम ले सकते हैं। इस कार्य के लिए प्रति बैठक 1 हजार रुपए देने का प्रावधान किया गया है। इसी के साथ उन्होंने बताया कि हर तीन महीने में पार्षद को बतौर चेयरमैन भत्ता भी जाएगा दिया। नगर पालिका के पार्षद को प्रति बैठक 1600 रुपए भत्ता मिलेगा। वहीं नगर परिषद के पार्षद को प्रति बैठक का 2400 रुपए भत्ता मिलेगा। नगर निगम के पार्षद को प्रति बैठक का 3000 रुपए मानदेय मिलेगा।

वार्ड में होने वाले 15 अगस्त, 26 जनवरी के कार्यक्रम में नगर निगम पार्षद को 30 हज़ार रूपए खर्च करने की अनुमति दी जाएगी। ठीक इसी तरह नगर परिषद के पार्षद को 20 हजार और नगर पालिका के पार्षद को 10 हजार रूपए खर्च करने की अनुमति रहेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने सम्बोधन में आगे कहा, पालिकाओं के पार्षदों को आयुष्मान भारत चिरायु योजना का लाभ मिलेगा। और पालिका के पार्षदों को वार्ड में चल रहे कार्यों पर निगरानी का भी अधिकार रहेगा।