पंचकुला पहुंचे सीएम मनोहर लाल खट्टर, ‘हमारे भारतीय संस्कारों का महत्व’ कार्यक्रम में लिया हिस्सा

Published

पंचकुला/हरियाणा: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज पंचकुला पहुंचे। जहां उन्होंने ‘हमारे भारतीय संस्कारों का महत्व’ विषय पर आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता तथा स्वामी संपूर्णानंद ब्रह्मचारी सहित कई अन्य वक्तागण ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री पंच अग्नि अखाड़ा के सभापति करुणा वर्णालय बापू मुक्ता नंद ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोचारण के बीच दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।  

सीएम मनोहर लाल ने किया संबोधित

इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, युवाओं में अच्छे संस्कार उत्पन्न करने को लेकर हरियाणा में 1 सितंबर से नशा मुक्ति अभियान के तहत साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया है।

इस साईकिल रैली के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं में ज्ञान व शिक्षा के माध्यम से अच्छे संस्कार पैदा करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि, हमारे उत्तम और मजबूत संस्कारों के कारण आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है।

हरियाणा को नशा मुक्त बनाने का लिया संकल्प

इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि, पुराने  समय में विदेश के युवा  भारत में ज्ञान लेने के लिए, शिक्षा लेने,  संस्कृति व सभ्यता के बारे में संस्कारों का ज्ञान लेने के लिए आते थे।

हमें फिर से भारत के उसी संस्कार को मजबूत और सशक्त बनाना है। हरियाणा को नशा मुक्त  बनाने का संकल्प  मुख्यमंत्री ने लिया है और इसी कड़ी में पंचकूला को भी नशे से मुक्त करने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने मंच से पूरे हरियाणा प्रदेश को नशा मुक्त करने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 2030 तक भारत को नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प किया है।  

रिपोर्ट- अक्षय धीमान

पंचकुला, हरियाणा