सीएम सैनी ने पटौदी विधानसभा क्षेत्र को दी 184 करोड़ रुपये की सौगात, 87 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

Published

गुरुग्राम/हरियाणा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज गुरुग्राम जिल के पटौदी विधानसभा क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने लगभग ₹184 करोड़ की लागत से 87 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पटौदी जनसभा में उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए ₹10 करोड़ की राशि मंजूर की। इसके साथ ही, गांव ताजनगर में ₹1 करोड़ की लागत से वेटनरी पॉलिक्लिनिक और पशु ट्रॉमा सेंटर तथा गांव माजरी में ₹3.50 करोड़ की लागत से पॉलिटेक्निक कॉलेज बनाने की भी घोषणा की।

लो पोटेंशियल से मीडियम पोटेंशियल जोन बनेगा पटौदी-फरूखनगर

मुख्यमंत्री सैनी ने पटौदी-फरूखनगर जोन को लो पोटेंशियल से मीडियम पोटेंशियल जोन में अपग्रेड करने की घोषणा की। लोक निर्माण विभाग की सड़कों के सुधार के लिए ₹2.5 करोड़ की राशि आवंटित की जाएगी।

बिजली समस्या का होगा समाधान

गांव सिवाड़ी, जसात और दौलताबाद में बिजली समस्या के समाधान के लिए ₹20.50 करोड़ की लागत से 33-33 केवी के पावर हाउस बनाए जाएंगे। इसके अलावा, मानेसर में ₹76 करोड़ की लागत से नगर निगम का नया भवन बनेगा।

पटौदी क्षेत्र में विकास ही विकास

मुख्यमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में पटौदी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि सड़कों, पुलों, आरओबी, आरयूबी और मंडियों के विकास पर ₹121 करोड़ खर्च किए गए हैं। इसके अलावा, पेयजल के लिए 112 ट्यूबवेल, 13 बूस्टिंग स्टेशन और 3 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए गए हैं। नहर आधारित जलापूर्ति के लिए ₹205 करोड़ खर्च किए गए हैं।

‘कांग्रेस का समय जातिवाद और भाई-भतीजावाद का था’- सीएम सैनी

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार मिशन मोड में काम कर रही है, जबकि कांग्रेस के समय में जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद की राजनीति होती थी। उन्होंने विपक्ष को अपने कार्यकाल का हिसाब देने की चुनौती दी।

गरीबों और किसानों के हित में काम कर रही है सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीबों के लिए हैप्पी कार्ड, आयुष्मान-चिरायु योजना और दयालु योजना के माध्यम से कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 1 अगस्त से 12 गैस सिलेंडर सालाना ₹500 में दिए जाएंगे, जिससे 49 लाख परिवारों को लाभ होगा।