सीतापुर जेल से बैरंग लौटे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रशासन नहीं आजम खान ने मिलने से किया मना!

Published

सीतापुर/उत्तर प्रदेश: देश के सबसे बड़े राज्य में राजनीतिक हालातों की बात करें, तो यहां पर राजनीतिक हालात उन पांच राज्यों से बिल्कुल भी कम नजर नहीं आ रहे हैं। जहां पर हालही में विधानसभा चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश में इस सियासत की असली वजह है, सपा के वरिष्ट नेता आजम खान, उनके बेटे और पत्नी का जेल जाना। आजम खान जेल में क्या बंद हुए यूपी की सियासत ही गरमा गई।

बता दें कि यूपी में गरमाई सियासत का फायदा उठाने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, आजम खान से मिलने के लिए यूपी के सीतापुर जेल तो पहुंचे मगर वो आजम खान से मुलाकात नहीं कर पाए। जिस कारण उन्हें सीतापुर से बैरंग ही लौटना पड़ा।

प्रशासन ने नहीं मिलने दिया या आजम ही नहीं मिले?

सीतापुर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। अपने आरोपो में अजय राय ने कहा कि प्रशासन ने उन्हें आजम खान से मिलने नहीं दिया। जबकि सूत्रों की माने, तो सपा नेता आजम खान ने ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से मिलने से इनकार कर दिया।

हालांकि इसके बाद भी सियासत जारी रही और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जिला कारागार पहुंचे। जहां उनके साथ मौजूद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जेल गेट के बाहर जोरदार हंगामा किया। इतना ही नहीं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मोदी-योगी मुर्दाबाद और जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया आजम खान के साथ अन्याय हो रहा है, उनके परिवार के साथ अन्याय हो रहा है। कांग्रेस पार्टी आजम परिवार के साथ खड़ी है। ये बात इकदम साफ है कि आजम खान के साथ पूरी सरकार अत्याचार कर रही है और सरकार के दबाव में ही प्रशासन पूरी तरह से बातों को घुमा रहा है।

आजम खान मिलना चाहते हैं मगर प्रशासन नहीं- अजय राय

मीडिया से बातचीत के दौरान अजय राय ने कहा कि आजम खान मिलना चाहते हैं, मगर यह सरकार का दबाव है जिसे आप समझ सकते हैं। कांग्रेस ने शुरू से ही आजम खान का साथ दिया है।

आजम से क्यों मिलने पहुंचे अजय राय

बता दें कि सपा नेता आजम खान को यूपी की राजनीती और माइनॉरिटी के बड़े नेता के रुप में जाना जाता है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि आजम खान जेल से बैठकर भी माइनॉरिटी वोटर्स को एक डगर पर ला सकते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता आजम खान को सांत्वना देने के लिए जेल की चौखट तक पहुंच गए।