पोर्न वीडियो स्कैम में शामिल होने का आरोप, 48 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट, जालसाजों ने डॉक्टर से ठगे 60 लाख

Published

Cyber Fraud: साइबर जालसाजी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, और अब नोएडा से एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां एक महिला डॉक्टर से जालसाजों ने पोर्न वीडियो स्कैम में शामिल होने का डर दिखाकर 60 लाख रुपए ठग लिए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने महिला डॉक्टर को करीब 48 घंटों तक डिजिटल अरेस्ट करके रखा।

क्या है पूरा मामला?

नोएडा सेक्टर-77 निवासी डॉक्टर पूजा गोयल को 13 जुलाई को एक अननोन नंबर से कॉल आया था। कॉलर ने खुद को टेलीफोन रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया का कर्मचारी बताया। इसके बाद उस कॉलर ने कॉल को मुंबई के तिलक नगर पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर करने को लेकर कहा और तुरंत कॉल ट्रांसर कर दिया। इसके बाद डॉक्टर पूजा गोयल को बताया गया कि उनके मोबाइल नंबर से कई पोर्न वीडियो भेजे जा रहे हैं। इतना ही नहीं महिला पर पोर्न वीडियो स्कैम में शामिल होने का आरोप लगाया और उनके नाम से अरेस्ट वारंट भी जारी होने की जानकारी दी गई। साथ ही डॉक्टर पूजा को बताया गया कि उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत मुकदमा दर्ज हो रहा है। इसके अलावा डॉक्टर पूजा का नाम मनी लांड्रिंग केस में नरेश गोयल के साथ सामने आने की बात भी पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी।

बेटी का अपहरण करने की दी धमकी

जालसाज यही नहीं रुके उन्होंने डॉक्टर पूजा की बेटी का अपहरण करने और जीवन बर्बाद करने की धमकी दी। जालसाजों ने डॉक्टर पूजा को स्काइप कॉल के जरिये दो दिन तक डराया। और उसे किसी से संपर्क करने तक की अनुमति नहीं दी। जिसके बाद डॉक्टर पूजा को अपनी जिंदगी भर की कमाई उन जालसाजों द्वारा बताए गए खाते में 15 जुलाई को ट्रांसफर करने पड़े। डॉक्टर पूजा ने डर से 15 जुलाई को 49 लाख 54 हजार रुपये ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पूजा ने अगले दिन भी 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए।

पुलिस कर रही मामले की जांच

जब जालसाजों ने डॉक्टर पूजा को और पैसे ट्रांसफर करने को कहा तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पूजा ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की। डॉक्टर पूजा गोयल की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।

लेखक-प्रियंका लाल