Delhi News: दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत का तिहाड़ जेल दौरा; सुधार और कैदियों के कल्याण पर दिया जोर, अधिकारियों को दिए निर्देश

Published

Delhi News: दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने शनिवार (31 अगस्त) को तिहाड़ जेल नंबर 3 और 6 का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य जेलों में सुधारात्मक व्यवस्था को मजबूत करना और कैदियों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करना था।

बता दें कि कैलाश गहलोत ने जेल में कैदियों की स्थिति और सुविधाओं का निरीक्षण किया, साथ ही कर्मचारियों के कल्याण और सुविधाओं में सुधार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को जेल के शौचालयों के नवीनीकरण और मरम्मत के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए। गृह मंत्री ने तिहाड़ जेल में विजिटर्स के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा प्रदान करने का भी प्रस्ताव रखा, जो दिल्ली सरकार की ग्रीन ट्रांसपोर्टेशन पहल के तहत है। इसके अलावा, उन्होंने विभिन्न जेल फैक्ट्रियों की उत्पादकता को बढ़ाने और उन्हें पंजीकृत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

गहलोत ने जेलों में चल रहे कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि इन कार्यक्रमों से कैदियों के पुनर्वास में मदद मिलेगी। उन्होंने कैदियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए एक व्यापक स्वास्थ्य कार्यक्रम शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा। इस दौरे का उद्देश्य जेलों में सुधारात्मक और पुनर्वासात्मक उपायों को मजबूत करना था। गहलोत ने जेल के अंदर हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि सरकार कैदियों और कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए सुधारात्मक उपायों को जारी रखेगी।

गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने दिए ये प्रमुख निर्देश

  1. विजिटर्स के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा दी जाए

गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने तिहाड़ जेल में विजिटर्स के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव दिया। यह पहल दिल्ली सरकार के ‘ग्रीन ट्रांसपोर्टेशन’ को बढ़ावा देने और कार्बन फुटप्रिंट कम करने की मुहिम के अनुरूप है।

  1. जेल फैक्ट्रियों की समीक्षा

गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने विभिन्न जेल फैक्ट्रियों के संचालन की समीक्षा की और उनकी उत्पादकता को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि उत्पादन प्रबंधन, क्षमता और उत्पादों के विपणन में सुधार के लिए इन कारखानों को सोसायटी पंजीकरण अधिनियम के तहत पंजीकृत किया जाना चाहिए।

  1. कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार

पुनर्वास पर जोर देते हुए कैलाश गहलोत ने कैदियों को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिए गहन कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार का निर्देश दिया। व्यावसायिक प्रशिक्षण और पुनर्वास प्रयासों को बढ़ाने के लिए जेल विभाग कई संगठनों के साथ सहयोग कर रहा है।

  1. जेलों में भीड़भाड़ कम करने पर जोर

इस दौरान मंत्री ने दिल्ली की जेलों में बढ़ रही कैदियों की भीड़भाड़ की भी जानकारी ली। इस संबंध में जेल मंत्री ने नरेला में प्रस्तावित जेल के निर्माण में तेजी लाने और बापरोला में जेल के लिए भूमि अधिग्रहण करने में गति लाने पर जोर दिया।

  1. स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाएं

गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने कैदियों को गुणवत्तापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करने के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक व्यापक स्वास्थ्य कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव रखा। दिल्ली की सभी जेलों में एक व्यापक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

  1. रहने की स्थिति में सुधार

गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने जेल परिसर में विभिन्न शौचालय ब्लॉकों का भी निरीक्षण किया और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को आपातकालीन आधार पर आवश्यक नवीकरण और मरम्मत करने का निर्देश दिया।

  1. जेल स्टाफ की पदोन्नति

मंत्री ने जेल कर्मचारियों की कड़ी मेहनत को सराहा और उनका मनोबल बढ़ाने व सुधारात्मक सेवाओं के अंदर प्रतिभा को बनाए रखने के लिए पदोन्नति के अवसर प्रदान करने का प्रस्ताव दिया।

गृह मंत्री के दौरे का उद्देश्य कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, कौशल विकास, स्वास्थ्य पहल, मनोवैज्ञानिक मदद और सामाज की मुख्य धारा में लाने को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर ध्यान केंद्रित करना था, जो केजरीवाल सरकार प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसका व्यापक लक्ष्य दिल्ली की केंद्रीय जेलों को पुनर्वास और सुधारात्मक संस्थानों में बदलना है।