सरिता विहार फ्लाईओवर पर आज से मरम्मत का कार्य शुरू, जानें वैकल्पिक मार्ग…

Published
सरिता विहार फ्लाईओवर पर आज से मरम्मत का कार्य शुरू
सरिता विहार फ्लाईओवर पर आज से मरम्मत का कार्य शुरू

नई दिल्ली/डेस्क: दिल्ली में सरिता विहार फ्लाईओवर पर पीडब्ल्यूडी द्वारा 15 जून शनिवार यानी आज से मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक मरम्मत का काम चार चरणों में किया जाएगा। ऐसे में एक समय पर पूरा फ्लाईओवर बंद नहीं होगा। सिर्फ एक दिशा में फ्लाईओवर की आधी लेन बंद होगी, यानी आधी लेन पर गाड़ियां चल सकती हैं। जानकारी के मुताबिक मरम्मत का काम 60 दिनों तक चलेगा। चार चरणों में होने वाले मरम्मत कार्य में हर चरण में फ्लाईओवर के सिर्फ आधे हिस्से को 15-15 दिनों के लिए बंद किया जाएगा।

सरिता विहार फ्लाईओवर पर क्या काम होंगे?

सरिता विहार फ्लाईओवर पर निर्माण दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा साल 2001 में किया गया था। ऐसे में अब फ्लाईओवर की मरम्मत की तत्काल जरूरत है। अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य में फ्लाईओवर पर लगी 28 मेटल की प्लेटों में से हर एक को बदला जाएगा। इन प्लेटों को चार चरणों में बदला जाएगा। जिसमें प्रत्येक लेन में 7 प्लेंटें शामिल होंगी। प्रत्येक कैरिजवे को लगभग 30 दिनों के लिए बंद करना होगा। प्लेटों को बदलने के बाद, कंक्रीट का काम और ब्लैकटॉपिंग होगा, फिर क्यूरिंग के लिए लगभग 10 दिन का समय लगेगा।

जानें वैकल्पिक मार्ग…

इसके अतिरिक्त, जो लोग नोएडा जाना चाहते हैं, वे विकल्प के रूप में डीएनडी मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। इसी तरह, बदरपुर से आश्रम की ओर आने वाले लोगों को सरिता विहार स्लिप रोड से होकर ओखला एस्टेट मार्ग और क्राउन प्लाजा मार्ग से गुजरना होगा। वे बदरपुर से महरौली-बदरपुर रोड का भी उपयोग करके आश्रम जा सकते हैं।

वहीं, सरिता विहार अंडरपास में भी मरम्मत का काम चल रहा है। इसके तहत लाइटें बदली जा रही है। इसका काम लगभग पूरा हो चुका है। क्राउन प्लाजा से कालिंदी कुंज मार्ग पर अंडरपास के नीचे टूटी हुई सड़कों को बनाने काम भी शुरू किया जाएगा।

लेखक-प्रियंका लाल