4 दिन बाद भी NH न खुलने से चालकों ने जताई नाराजगी, हालात हुए खराब?

Published

मंडी/हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश इन दिनों प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहा है। जगह-जगह लैंडस्लाइड होने से हाईवे बंद कर दिए गए है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है।

वहीं, चार दिन बाद भी चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे न खुलने से बाहरी राज्यों में फल सब्जियों की सप्लाई लेकर जा रहे वाहन चालकों का सामान गाड़ियों में ही सड़ना शुरू हो गया है। जिस कारण वाहन चालकों ने फल सब्जियों को व्यास नदी में फेंकना शुरू कर दिया है।

4 दिन से बंद नेशनल हाईवे

चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर जिले के थलौट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वाहन चालक जीप में लदी सब्जियों को व्यास नदी में फेंक रहे हैं।

बता दें कि, बीती 22 और 23 अगस्त को हुई भारी बारिश के चलते चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे व किरतपुर मनाली फोरलेन जगह-जगह लैंडस्लाइड होने के कारण से बंद हो गया था, जोकि आभी तक नहीं खुल पाया है। वहीं, वैकल्पिक मार्ग बजौरा कटौला भी कमांद के पास लैंडस्लाइड के कारण बंद है।

जिस कारण फल सब्जियों सहित अन्य सामान की सप्लाई लेकर जा रहे सैंकड़ो वाहन थलौट, पंडोह, बजौरा कटौला में फंसे हुए है।

हाईवे खोलने की प्रशासन कर रहा कोशिश

प्रशासन ने इन वाहन चालकों के खाने पीने की व्यवस्था तो कर दी है, लेकिन चार दिन बाद भी नेशनल हाईवे न खुलने से अब यह वाहन चालक एनएचएआई से खासा नाराज नजर आ रहे हैं। जिसके विरोध स्वरूप अब यह वाहन चालक एनएचएआई के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं।

इन वाहन चालकों का कहना है कि जाम में फंसे होने के कारण गाड़ियों में लोढ़ किया हुआ माल खराब हो रहा है। जिससे इन्हें इस माल को बेचने में कठिनाई होंगी और इन्हें भाड़ा तक भी नहीं मिलेगा।

सदर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि, अस्थाई तौर पर फोरलेन व नेशनल हाईवे को बहाल करने का कार्य जारी है। फोरलेन व नेशनल हाईवे पर जगह-जगह लैंडस्लाइड हुआ है जिस कारण अभी दो-तीन दिन का समय लग सकता है।

रिपोर्ट: नितेश सैनी

लेखक: विशाल राणा