Kuno नेशनल पार्क में गूंजी किलकारी, मादा चीता गामिनी ने 5 शावकों को दिया जन्म, देखें वीडियो

Published

Kuno National Park: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में हुई एक खास घटना ने देशवासियों को आनंदित कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका से आई मादा चीता गामिनी ने यहां पांच नन्हे शावकों को जन्म दिया है। खुशी की इस खबर को केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है।

इस खुशीभरे पल को देखते हुए भूपेंद्र यादव ने एक्स पर लिखा, “हाई फाइव, कुनो!… दक्षिण अफ्रीका के त्वालु कालाहारी रिजर्व से लाई गई मादा चीता गामिनी, उम्र लगभग 5 वर्ष, ने आज 5 शावकों को जन्म दिया है।” इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इससे भारत में जन्मे शावकों की संख्या 13 हो गई है, जो एक बड़ी कृति है। यह चीता वंश दक्षिण अफ्रीका से लाया गया पहला वंश है और इससे भारतीय धरती पर चौथा चीता वंश बन गया है।

भूपेंद्र यादव ने इस सुखद समाचार को साझा करते हुए उन सभी वन अधिकारियों, पशुचिकित्सकों और फील्ड स्टाफ को बधाई दी, जिन्होंने चीतों के लिए एक सुरक्षित और पर्यावरणीय माहौल बनाए रखा है। जिससे संभोग और शावकों का जन्म होने में सफलता मिली है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में अब चीतों की कुल संख्या 26 है, जो इस अद्भुत जीवन की बढ़ती हुई विविधता को दर्शाता है। गामिनी की विरासत अब उसके प्यारे शावकों के साथ और बढ़ेगी, जो इस नेशनल पार्क को एक और सशक्त चीता समृद्धि केंद्र बनाए रखेगा।