Gajendra Singh Shekhawat: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा हाल ही में दिए बयान को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। वहीं अब केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी बिना नाम लिए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है।
अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए-गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “सबको अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। राजनीतिक टिप्पणियां करने से पहले अपने पांच साल में किस तरह के हालात थे? किस तरह से राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार कई गुना बढ़े थे? पेपरलीक के बारे में मैंने पहले भी कहा था। जिस आदमी की सरकार होते हुए राजस्थान में पेपर लीक के मामले में इतनी सारी घटनाएं हुईं। लगातार वो खुद आगे बढ़कर क्लीन चिट देते रहे। न इसमें सरकारी अधिकारी शामिल है, न राजनेता या कर्मचारी शामिल हैं, इस तरह की टिप्पणियां करते रहे।”
इसी के साथ गजेंद्र सिंह शेखावत ने आगे कहा कि “आज जब हकीकत सामने आ रही है, तब बौखलाए हुए हैं। इस तरह के बयान देते हैं, लेकिन राजस्थान की जनता ने पिछले 5 साल का उनके शासनकाल के उस कुराज को देखा है। वो अच्छी तरह से जानती और पहचानती है। उनके बयान उनकी खिसियाहट दिखलाते हैं।”