Gujarat Girl Save 4 lives: बेटी का ब्रेन डेड होने के बाद पिता ने किया अंगदान का फैसला, अब 3-4 लोगों की बचेगी जान

Published

Gujarat Girl Save 4 lives: इंसानियत को मिसाल देती एक खबर गुजरात के कच्छ से सामने आई है। कच्छ के एक पिता ने अपनी बेटी के अंगों का दान किया है। जीनल राजगोर के पिता जगदीश भाई राजगोर ने यह बड़ी पहल की है। जीनल के अंगदान से एक लीवर, दो किडनी, दो आंखें (कॉर्निया) और त्वचा दान की गई हैं, जिससे कुल तीन अंग और तीन ऊतक दान किए गए। जीनल के अंगदान से तीन से चार लोगों की जान बचेगी। साथ ही दो लोगों को आंखों को रोशनी मिलेगी।

डॉक्टरों ने बेटी का ब्रेन किया डेड घोषित

बता दें, कच्छ के जगदीश भाई राजगोर की 24 वर्षीय बेटी जीनल को ब्रेन स्ट्रोक के कारण गहन उपचार के लिए कच्छ से अहमदाबाद के सिविल अस्पताल लाया गया था। सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने जीनल का ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इसके बाद, जीनल के पिता ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपनी बेटी के अंगों को दान करने का निर्णय लिया। एक पिता के लिए बेटी भगवान की ओर से दिया हुआ सबसे खूबसूरत तोहफा होती है। इसी तोहफे को हमेशा संजोय रखने के लिए जीनल के पिता ने अंगदान का फैसला लिया। जिससे अब उनकी बेटी तीन से चार लोगों को नई जिंदगी देगी।

सिविल अस्पताल में अब तक हुए हैं 161 अंगदान

जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में यह 161वां अंगदान किया गया है। अब तक के 161 अंगदाताओं से कुल 520 अंग और पांच त्वचा दान की जा चुकी हैं। जिसके माध्यम से अभी तक 504 लोगों को जीवनदान मिल चुका है।