सऊदी अरब में गर्मी का कहर, हज के लिए गए 550 यात्रियों की मौत!

Published

नई दिल्ली/डेस्क: भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। एक तरफ जहां सऊदी अरब में भीषण गर्मी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं इस बीच खबर आई है कि सऊदी अरब के मक्का में हज के लिए गए 550 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। राजनयिकों के मुताबिक, इस साल पड़ रही भयंकर गर्मी के कारण ये मौतें हुई हैं। बताया जा रहा है कि, मरने वालों में सबसे ज्यादा लगभग 323 मिस्र के नागरिक हैं।

न्यूज़ एजेंसी एएफपी से बातचीत में अरब के राजनयिकों ने जानकारी दी कि ज्यादातर मौतों की वजह भीषण गर्मी रही है। इसी बीच एक राजनयिक ने बताया, मिस्र के सभी लोगों के मारे जाने की वजह गर्मी है। बस एक मिस्रवासी की मौत अधिक भीड़ की वजह से लगी गंभीर चोट के कारण हुई है। इसी के साथ उन्होंने बताया कि मक्का के नजदीक AI-Muaisem अस्पताल के मुर्दाघर से मरने वालों का आंकड़ा सामने आया है।

पिछले साल हज के लिए सऊदी अरब गए 240 लोगों की हुई थी मौत

राजनयिक ने बताया कि मरने वालों में लगभग 60 लोग जॉर्डन से हैं। बता दें, जो आंकड़ा न्यूज़ एजेंसी एएफपी ने अलग-अलग देशों से जमा किया है, उसके मुताबिक मौतों का आंकड़ा अब बढ़कर 577 हो गया है। बता दें, पिछले साल हज के लिए सऊदी अरब गए 240 लोगों की मौत हुई थी। जिसमें ज्यादातर लोग इंडोनेशिया के थे।

भीषण गर्मी के बीच सऊदी अधिकारियों ने हज यात्रियों को दी सलाह

भीषण गर्मी के बीच सऊदी अधिकारियों ने हज यात्रियों को सलाह दी है कि वह धूप में छाते का उपयोग करें। साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। ज्यादा धूप होने पर कोशिश करें की घरों से बाहर न निकलें।

लेखक-प्रियंका लाल