नेपाल में भारी बारिश, बिहार में बाढ़ का खतरा… 1968 के बाद कोसी बैराज से छोड़ा गया सबसे अधिक पानी, 13 जिलों में अलर्ट

Published
बिहार में बाढ़ का खतरा

Bihar Flood: बिहार में कोसी और गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से राज्य के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ चुका है। एक ओर जहां गंगा में बढ़ते स्तर की वजह से 13 जिले प्रभावित है, तो वहीं अब कोसी नदी में जलस्तर में भारी वृद्धि हो रही है। जिसकी वजह से उत्तर बिहार और सीमांचल के भी जलमग्न होने की आशंका है।

बिहार में बाढ़ का खतरा

बाढ़ के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार भी अलर्ट मोड में है। बिहार सरकार ने बताया कि नेपाल में भारी बारिश होने की वजह से रविवार सुबह 5 बजे कोसी बैराज वीरपुर (नेपाल) से 6,61,295 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो कि 1968 के बाद से सबसे अधिक है।

राज्य, केंद्र सरकार एक्शन में

बिहार में बाढ़ के संकट को देखते हुए राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार भी एक्शन मोड में है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय NDRF के साथ आज समीक्षा बैठक करेंगे। बाढ़ के खतरे को देखते हुए NDRF को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं, राज्य सरकार ने अधिकारियों को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दे दिए हैं।

कई इलाकों को करवाया जा रहा है खाली

बता दें कि सोशल मीडिया पर बिहार में जयप्रलय के ऐसे कई खौफनाक वीडियो सामने आ रहे हैं। कोसी बैराज पर हालात काफी खतरनाक है। कई जगह तो पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। लोगों को सावधानी बरतने का निर्देश भी दिया गया है। वहीं, नदी के किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है। कटान का खतरा देखते हुए कई इलाकों को खाली करवाया जा रहा है।

वाल्मिकिनगर एयरपोर्ट में घुसा पानी

वाल्मिकिनगर एयरपोर्ट में भी पानी भर गया है। रनवे और हेलीपैड दोनों ही डुब चुके हैं। बता दें कि ये एयरपोर्ट नेपाल बॉर्डर का सबसे करीबी एयरपोर्ट है। इस एयरपोर्ट का उपयोग NDRF और SDRF के अलावा VIP इस्तेमाल के लिए भी किया जाता है।

नेपाल में अभी तक 99 लोगों की मौत

वहीं, लगातार हो रही बारिश की वजह से नेपाल में आई बाढ़ में करीब 99 लोगों की मौत हो गई है। नेपाल के कुछ हिस्से शुक्रवार से हो रही भारी बारिश के कारण जलमग्न हो गए हैं, जिससे आपदा प्रबंधन अधिकारियों को बाढ़ की चेतावनी देनी पड़ी है। नेपाल में आई इस तबाही का असर बिहार में भी दिखने लगा है।

यह भी पढ़ें: पिछली सरकार 8 साल में मेट्रो का एक पिलर भी नहीं बना पाई… हमारी सरकार ने पुणे में आधुनिक मेट्रो स्टेशन बनाया है- PM मोदी