Paris Paralympics 2024: पेरिस पैरालंपिक में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, सुहास यतिराज ने जीता दूसरा सिल्वर मेडल

Published

नई दिल्ली: पेरिस पैरालंपिक 2024 भारतीय खेल इतिहास के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया है। भारतीय दल ने अब तक अपने सबसे अधिक पदक जीतने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिससे भारत ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की है। पेरिस पैरालंपिक में भारतीय दल ने 20 पदक जीतकर टोक्यो 2020 में हासिल किए गए 19 पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। खेलों के समापन में अभी चार दिन शेष हैं, जिससे यह उम्मीद बढ़ गई है कि भारत और भी अधिक पदक अपने नाम कर सकता है।

पैरा-बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने पांच पदक हासिल किए, जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य शामिल हैं। इस प्रदर्शन की सराहना करते हुए, भारतीय दल का स्वागत नई दिल्ली में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया।

सुहास यतिराज की प्रेरणादायक यात्रा

पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यतिराज ने पेरिस में अपना दूसरा लगातार रजत पदक जीता। अपनी इस उपलब्धि पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “हमने टोक्यो में 19 पदक जीते थे और इस बार 20 पदक जीत चुके हैं। हमारा हमेशा से लक्ष्य रहा है कि हम पिछले रिकॉर्ड को बेहतर करें, जैसे हमने पेरिस में टोक्यो का रिकॉर्ड तोड़ा, वैसे ही लॉस एंजिल्स 2028 में पेरिस का रिकॉर्ड तोड़ने का लक्ष्य रहेगा।” सुहास ने भारतीय युवाओं को पैरालंपिक खेलों के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक युवाओं को इस मंच पर आने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।