IPL 2024: थम गया IPL का सुनहरा सफर! नम आंखों से दिनेश कार्तिक की हुई भावुक विदाई

Published

IPL 2024: भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपने आईपीएल करियर पर विराम लगा दिया है। उन्होंने अपने आखिरी आईपीएल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के लिए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में मैदान पर आखिरी बार कदम रखा। इस सीजन के शुरुआत से पहले ही कार्तिक ने घोषणा कर दी थी कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन होगा।

एलिमिनेटर मैच में आरसीबी को मिली हार के बाद जब कार्तिक ड्रेसिंग रूम में लौट रहे थे, उन्होंने अपने ग्लव्स को हाथ में लेकर दर्शकों का अभिवादन किया। इससे संकेत मिलता है कि यह उनका आखिरी आईपीएल मैच था। 38 वर्षीय कार्तिक ने अभी आधिकारिक रूप से आईपीएल से संन्यास की घोषणा नहीं की है, लेकिन उन्होंने पूरे सीजन में इस बात का संकेत दिया था कि आईपीएल 2024 उनका आखिरी सीजन हो सकता है।

राजस्थान के खिलाफ 4 विकेट से मिली हार के बाद आरसीबी के साथियों ने दिनेश कार्तिक को भावुक विदाई दी। यह आरसीबी के लिए निराशाजनक शाम थी क्योंकि उनका शानदार प्रदर्शन रुक गया। सीजन के बीच में आरसीबी अंक तालिका में सबसे नीचे थी। हालांकि, आरसीबी ने लगातार छह जीत हासिल कर प्लेऑफ में जगह बनाई, जिसमें 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को हराना भी शामिल था।

शानदार रहा है दिनेश कार्तिक का आईपीएल करियर

दिनेश कार्तिक ने आईपीएल में कुल 257 मैच खेले जिसमें उन्होंने 4842 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 22 अर्धशतक भी लगाए। खासकर आरसीबी में शामिल होने के बाद उनका खेल और निखर कर दुनिया के सामने आया। साल 2022 में कार्तिक ने आईपीएल गजब का खेल दिखाया था। इस सीजन में उन्होंने 183 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए थे। उनके इस दमदार खेल के कारण ही उन्हें भारत के लिए टी20 विश्व कप टीम में चुना गया था। कार्तिक ने आईपीएल 2024 में भी अपने खेल से कमाल किया और 15 मैचों में 326 रन बनाए।

आईपीएल में कार्तिक कुल छह टीमों के लिए खेले। उन्होंने 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 2011 में किंग्स इलेवन पंजाब चले गए। इसके बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ दो सीजन बिताए और 2014 में वापस दिल्ली चले गए। आरसीबी ने उन्हें 2015 में खरीदा और फिर वह 2016 और 2017 में गुजरात लायंस के लिए खेले और फिर चार सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ खेले, जिनकी उन्होंने कप्तानी भी की।

कार्तिक 2022 में आरसीबी में वापस आए और फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई। दिनेश कार्तिक का आईपीएल करियर उनकी खेल भावना और प्रतिभा का प्रतीक रहा है। उनके योगदान को क्रिकेट प्रशंसक हमेशा याद रखेंगे।