ISRO to Launch EOS-8 Satellite: एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में ISRO, आज देश के साथ पूरी दुनिया को मिलेगा एक बड़ा तोहफा

Published

ISRO to Launch EOS-8 Satellite: बीते दिन 15 अगस्त को देश ने अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। आजादी के बाद से भारत ने हर दिन तरक्की की है, और इतिहास के पन्नों में कई अध्याय लिखे हैं। वहीं आज फिर एक बार ISRO इतिहास रचने की तैयारी में है। 16 अगस्त शुक्रवार यानी आज इसरो देशवासियों को एक खुशी की खबर देने जा रहा है। इसरो SSLV-D3 रॉकेट को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है, जिसका टाइमिंग शुक्रवार सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर निर्धारित है। इस रॉकेट के माध्यम से EOS-8 उपग्रह को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।

ISRO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी खुद दी है।

आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से इतिहास रचने की तैयारी में ISRO

आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से पृथ्वी अवलोकन उपग्रह (EOS-8) का प्रक्षेपण किया जाएगा। इस मिशन में EOS-8 175.5 किलोग्राम के साथ एक छोटा सैटेलाइट SR-0 DEMOSAT भी लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च होने के बाद दोनों ही सैटेलाइट धरती से 475 किलोमीटर की ऊंचाई के गोलाकार ऑर्बिट में चक्कर लगाएंगे।

ISRO का मिशन देश के साथ दुनिया के लिए क्यों है महत्वपूर्ण?

जानकारी के मुताबिक, EOS-8 उपग्रह की मदद से पर्यावरण की मॉनिटरिंग, आपदा प्रबंधन, भूकंप, सुनामी के साथ अन्य प्राकृतिक आपदाओं का पता लगाया जा सकेगा। यही वजह है कि ISRO का यह मिशन न सिर्फ देश बल्कि दुनिया के लिए काफी महत्वपूर्ण है।