यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बसेगी जापानी सिटी; सेक्टर 5A में 1000 एकड़ में होगा नया विकास

Published

ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जापानी सिटी बसाने की योजना बनाई जा रही है। इस सिटी को सेक्टर 5A में लगभग 1000 एकड़ जमीन पर बसाने की योजना है, जिसमें जापान की कई कंपनियों से बातचीत चल रही है। यह पहल 2041 के मास्टर प्लान के तहत की जा रही है, जिसमें मल्टीप्ल लैंड स्कीम शामिल है।

इस स्कीम के तहत कुल क्षेत्रफल का 70% हिस्सा केवल इंडस्ट्री के लिए आरक्षित होगा, जबकि बाकी 30% में कमर्शियल ग्रुप हाउसिंग, प्लॉट, वर्करों के रहने की जगह, अस्पताल, स्कूल, मॉल, और प्लाजा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यह सब एक इंटीग्रेटेड इंडस्ट्री स्टैब्लिशमेंट के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों को अपनी सुविधा के अनुसार रहने, खाने और अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति हो सके।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि बाहर की बड़ी-बड़ी इंडस्ट्रीज की प्रमुख समस्याओं में उनके वर्करों के रहने की व्यवस्था और उनके कल्चर के अनुरूप सुविधाओं की कमी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मल्टीप्ल लैंड यूज स्कीम लाई गई है। यह स्कीम इंडस्ट्रीज और उनके कर्मचारियों की सभी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है।

जापानी सिटी के साथ-साथ कोरियन सिटी बसाने की भी योजना बनाई गई है, जिसे सेक्टर 4A में स्थापित किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण द्वारा जापान और कोरिया की कंपनियों से लगातार बातचीत की जा रही है ताकि इस योजना को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा सके।