Kolkata Doctor Rape Murder Case: कोलकाता ट्रेनी डॉक्टर रेप-हत्या मामले के विरोध में 24 घंटे की हड़ताल पर देशभर के डॉक्टर

Published

Kolkata Doctor Rape Murder Case: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की घटना के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) 17 जुलाई शनिवार यानी आज देशव्यापी हड़ताल पर है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की यह हड़ताल 17 अगस्त (शनिवार) सुबह 6 बजे से 18 अगस्त रविवार सुबह 6 बजे तक रहेगी। बता दें, इन 24 घंटे के लिए देशभर में गैर-आपातकालीन सेवाओं को बंद रखा जाएगा।

IMA ने डॉक्टरों और अस्पतालों की सुरक्षा को लेकर सरकार से पांच प्रमुख मांगें की हैं। जानें- विस्तार से…

हिंसा विरोधी पॉलिसी और केंद्रीय कानून: डॉक्टरों और अस्पतालों पर होने वाली हिंसा को रोकने के लिए एक नई पॉलिसी तैयार की जाए। इसके तहत 2019 में प्रस्तावित हॉस्पिटल प्रोटेक्शन बिल को लागू किया जाए और इसमें 2023 में एपिडेमिक डिजीज एक्ट 1897 में किए गए संशोधन शामिल किए जाएं। IMA का मानना है कि इससे देश के 25 राज्यों में मौजूदा कानूनों को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, COVID-19 महामारी के दौरान लागू किए गए अध्यादेश की तरह एक नया अध्यादेश भी इस स्थिति में कारगर साबित हो सकता है।

अस्पतालों में सुरक्षा प्रोटोकॉल: सभी अस्पतालों में एयरपोर्ट की तरह सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए जाएं। अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाए और वहाँ CCTV, सिक्योरिटी गार्ड्स की तैनाती की जाए। इसके साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए।

डॉक्टरों के लिए आरामदायक सुविधाएं: IMA ने बताया कि कोलकाता रेप-मर्डर की पीड़ित डॉक्टर 36 घंटे की ड्यूटी शिफ्ट पर थीं और आराम करने के लिए कोई उचित स्थान नहीं था। उन्हें सेमिनार हॉल में जाकर सोना पड़ा। अस्पतालों में डॉक्टरों के लिए सुरक्षित और आरामदायक जगहें और रेस्ट एरिया तुरंत सुनिश्चित किए जाएं।

तत्काल और पारदर्शी जांच: कोलकाता रेप-मर्डर केस की समय सीमा के भीतर पेशेवर जांच की जाए और पीड़ित को न्याय मिले। आरोपियों की पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

पीड़ित के परिवार को मुआवजा: पीड़ित के साथ की गई क्रूरता को देखते हुए उनके परिवार को उचित और सम्मानजनक मुआवजा प्रदान किया जाए।