रेजिडेंट डॉक्टरों ने किया हड़ताल का ऐलान, जानें सरकारी अस्पतालों में कौन सी मेडिकल सेवाएं रहेंगी बंद?

Published

Kolkata Trainee Doctor Rape Murder Case: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक ट्रेनी डॉक्टर की हत्या ने इस वक्त पूरे देश को झिंझोड़कर दख दिया है। कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई घटना में क्रूरता की सारी हदें पार हो गई है। इस घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों के राष्ट्रीय संगठन, फेडरेशन ऑफ आल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA), ने सोमवार से सभी सरकारी अस्पतालों में हड़ताल की घोषणा की है। इस बीच रेजिडेंट डॉक्टरों एसोसिएशन (आरडीए) ने हड़ताल के दौरान इमरजेंसी सेवाओं को जारी रखने का निर्णय लिया है। यानी इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह से चालू रहेंगी। हड़ताल सिर्फ रेजिडेंट डॉक्टरों तक ही सीमित रहेगी! ऐसे में सीनियर डॉक्टर और कंसल्टेंट मरीजों की देखभाल जारी रखेंगे।

डॉक्टर्स की मांग, आरजी कर अस्पताल में ट्रांसपेरेंट हो जांच

फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) के उपाध्यक्ष डॉ. शारदा प्रसाद ने बताया कि इस घटना के विरोध में FORDA ने देशभर में हड़ताल का ऐलान किया है। हम चाहते हैं कि कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में ट्रांसपेरेंट जांच हो, आरोपियों को जल्दी पकड़ा जाए, और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसी के साथ एम्स में प्रदर्शन कर रहे रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. इंद्र शेखर ने कहा, हम जांच से संतुष्ट नहीं हैं। कई डॉक्टरों ने सीबीआई से जांच की मांग की है, जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोपी को फांसी की सजा और सीबीआई जांच की बात की है।

हड़ताल से इन अस्पतालों की सेवाओं पर पड़ेगा असर!

रेजिडेंट डॉक्टरों के राष्ट्रीय संगठन, फेडरेशन ऑफ आल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) के हड़ताल पर जाने के बाद 12 अगस्त सोमवार यानी आज कई सरकारी अस्पतालों में सेवाओं पर असर पड़ेगा। इनमें लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, कलावती बाल चिकित्सालय, सुचेता कृपलानी हॉस्पिटल, सफदरजंग अस्पताल, राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से संबंधित लोकनायक अस्पताल, जीबी पंत, दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल शामिल हैं। इन अस्पतालों ने ओपीडी सेवाओं, इलेक्टिव सर्जरी और लैब कार्यों को बंद रखने की घोषणा की है।