Maharashtra News: महाराष्ट्र में बारिश से हाल बेहाल, घरों में भरा पानी… स्कूल और कॉलेज बंद!

Published
Maharashtra News

Maharashtra News: महाराष्ट्र में बारिश से हाल बेहाल हैं। पिछले कुछ घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में नदियां उफान पर हैं। कई लोगों के घरों में पानी भर गया है। आकाशीय बिजली गिरने के कारण कांबा गांव में दो मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, अन्य दो लोगों के घायल होने की खबर आई है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीती शाम लगातार हुई बारिश के कारण ठाणे में कई जगह पर पानी भर गया और कहीं-कहीं पर पेड़ के साथ दीवार गिरने की खबरें आईं। मुंब्रा बाईपास पर चट्टान गिरने से मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई है। साथ ही कुछ घरों पर पत्थर गिरने की सूचना के बाद ठाणे मनपा डिजास्टर और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

महाराष्ट्र में बारिश का ‘रेड अलर्ट’

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके आस-पास के जिलों में आज बारिश को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इन इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। शहर के कई हिस्सों में 25 सितंबर की दोपहर से ही बारिश हो रही है।

आज स्कूल और कॉलेज में अवकाश घोषित

मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण बीएमसी ने बीएमसी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्कूल और कॉलेज में अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर मुंबईवासियों से अनुरोध किया है कि जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। इसी के साथ मुंबई पुलिस ने आपात स्थिति में 100 नंबर डायल करने की सलाह दी है।

जलभराव के कारण नाले में गिरी महिला की मौत

Maharashtra News-मुंबई में लगातार हुई बारिश के कारण शहर में कई जगहों पर पानी भर गया है। जिसके कारण 25 सितंबर की रात 9 बजे मुंबई के अंधेरी स्थित सिप्ज़ इलाके में एक महिला खुले नाले में गिर गई। दरअसल, भारी बारिश के कारण महिला को नाला दिखाई नहीं दिया। घटना के बाद महिला को अग्नि शामक दल की टीम ने बाहर निकाला। लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें- Russia-Ukraine War: परमाणु हमले की तैयारी कर रहा है रूस, पुतिन ने दी चेतावनी! कहा- “अस्तित्व पर खतरा होगा तो नहीं हिचकिचाएंगे”