मुंबई हिट एंड रन केस में मिहिर शाह की गिरफ्तारी, जानें पीड़िता के परिवारवालों ने क्या कहा?

Published
Mumbai BMW Hit and Run Case
Mumbai BMW Hit and Run Case

Mumbai BMW Hit and Run Case: मुंबई के वर्ली हिट एंड रन एक्सीडेंट मामले का मुख्य आरोपी मिहिर शाह को मुंबई पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मिहिर शाह की मां और बहन को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

परिवार वालों ने क्या कहा?

पीड़िता कावेरी नखवा के पति प्रदीप नखवा ने कहा, “3 दिन बाद उसे पकड़ा जाता है, इसका क्या मतलब है? अगर वह शराबी नहीं था, अगर उसने नशा नहीं किया था, तो वह छिप क्यों गया? वह 3 दिनों तक फरार क्यों था? तुम रास्ते में गाड़ी छोड़कर और भागने से पहले नंबर प्लेट भी तोड़ दिया और फरार हो जाता है। अब 3 दिन बाद उसके शरीर में शराब का कोई निशान नहीं होगा और उसके साथ 20 वकील होंगे। हम गरीब हैं, हमें न्याय कौन देगा?”

“आज वह जेल गया, परसों उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और जमानत मिल जाएगी। मामला चलता रहेगा और सब ठंडा हो जाएगा। हम क्या करेंगे? हम पैसे और वकील का इंतजाम कहां से करेंगे? ये पार्टी के नेता कुछ नहीं करेंगे, ये तो इनके नेता का ही बेटा है। वह एक बड़ा आदमी है जो किसी को भी खरीद सकता है। हमारी तरफ कौन है? क्या फडणवीस या शिंदे हमारे घर आए, यह जानने के लिए कि क्या हुआ? क्या अजित पवार आये? ये सब सत्ता के लालच में अंधे हो गए हैं। वो सिर्फ वोट मांगने के लिए जनता से मिलने आते हैं और फिर भूल जाते हैं। उनके लिए हम जनता बेकार सामान हैं।”

पीड़िता कावेरी नखवा के पिता और माता ने क्या कहा?

वहीं, केसरी वाडकर और भारती वाडकर, पीड़िता कावेरी नखवा के पिता और मां ने कहा, “मिहिर शाह को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हमारी बेटी को न्याय मिलना चाहिए।”

पीड़िता कावेरी नखवा की बेटी अमृता नखवा ने क्या कहा?

पीड़िता कावेरी नखवा की बेटी अमृता नखवा ने कहा, “मेरी मां को न्याय मिलना चाहिए। मैं चाहती हूं कि उसे (मिहिर शाह) फंसी की सजा हो। वह (पीड़िता) बहुत दर्द में थी, मैंने उसे अस्पताल में अपनी आंखों से देखा था।”

क्या है मुंबई हिट एंड रन केस?

बता दें, मुंबई के वर्ली में 7 जुलाई रविवार सुबह करीब 5:30 बजे मिहिर शाह की बीएमडब्ल्यू ने स्कूटर पर सवार एक दंपति को जोरदार टक्कर मार दी थी। इतना ही नहीं, टक्कर के बाद महिला को दो किलोमीटर तक कार के बोनट के साथ घसीटा गया। हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतक का नाम कावेरी नखवा है। वह अपने पति के साथ मछली बेचने के लिए जा रही थी कि तभी बीएमडब्ल्यू कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी।

लेखक: रंजना कुमारी