Mumbai BMW Hit and Run Case: पीड़ित परिवार को CM एकनाथ शिंदे की ओर से 10 लाख रुपए की सहयता राशि देने का ऐलान

Published
Mumbai BMW Hit and Run Case
Mumbai BMW Hit and Run Case

Mumbai BMW Hit and Run Case: महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने आज (10 जुलाई) को कहा कि BMW हिट एंड रन मामले में दो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जाएगी। साथ ही एकनाथ शिंदे ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “विपक्ष सिर्फ आरोप लगाता है, आरोप लगाने के अलावा उनके पास कुछ है ही नहीं। मैंने निर्देश दिया है कि हिट एंड रन मामले में दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” आरोपी राजेश शाह को पार्टी से निलंबित करने पर मुख्यमंत्री ने कहा, “आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और पीड़िता को सहयोग देना प्राथमिकता होनी चाहिए। कोई भी गैर कानूनी काम करेगा तो छोड़ा नहीं जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

क्या है मुंबई हिट एंड रन केस?

बता दें, मुंबई के वर्ली में 7 जुलाई रविवार सुबह करीब 5:30 बजे मिहिर शाह की बीएमडब्ल्यू ने स्कूटर पर सवार एक दंपति को जोरदार टक्कर मार दी थी। इतना ही नहीं, टक्कर के बाद महिला को दो किलोमीटर तक कार के बोनट के साथ घसीटा गया। हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतक का नाम कावेरी नखवा है। वह अपने पति के साथ मछली बेचने के लिए जा रही थी कि तभी बीएमडब्ल्यू कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी।

मुंबई के वर्ली हिट एंड रन एक्सीडेंट मामले का मुख्य आरोपी मिहिर शाह को मुंबई पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मिहिर शाह की मां और बहन को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

लेखक: रंजना कुमारी