हिजाब पहने, हाथों में भगवा ध्वज और 1578 किमी का पैदल सफर, श्री रामलला के दर्शन के लिए मुंबई से अयोध्या पहुंचेगी शबनम शेख

Published

बांदा पहुंची शबनम शेख: अयोध्या में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई से पैदल चली शबनम शेख 31 दिन का सफर तय कर यूपी के बांदा पहुंच चुकी हैं। 1400 किलोमीटर के सफर में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के रास्ते बांदा पहुंची शबनम शेख का हिंदू संगठन ने स्वागत किया, 20 वर्ष की शबनम बचपन से ही भगवान राम में आस्था रखती चली आई है। शबनम अपने दोस्तों के साथ भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होकर अपने भाव को उनके सामने रखना चाहती है। सफर में तमाम दुश्वारियों के बीच शबनम के चेहरे में ना थकान दिखाई दी और ना ही उसके चेहरे में कोई मायूसी है। राम नाम को जपते हुए शबनम अपने सफ़र को आसान बना रही है।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होगी शबनम शेख

बता दे कि अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को प्रभु रामलला प्राण प्रतिष्ठा पर समूचे देश के रामभक्तों में उत्साह दिखाई पड़ रहा है। भगवान राम से आस्था के चलते राम भक्त धर्म को भी आड़े नहीं आने दे रहे। महाराष्ट्र के मुंबई में रहने वाली शबनम शेख हिजाब पहने और हाथ में भगवान राम का ध्वज लिए अयोध्या के लिए निकली हैं।

हिंदू संगठन के लोगों ने शबनम का किया स्वागत

शबनम शेख अपने दोस्तों के साथ 1578 किलोमीटर के कठिन सफर को तय कर अयोध्या जाने की मंशा रखती हैं। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमाओं से होते हुए शबनम शेख अपने सफ़र की 31 वें दिन यूपी के बांदा में है। कड़ाके की ठंड और लंबा सफर भी उसकी आस्था के सामने छोटी नजर आ रही है। बांदा पहुंचते ही शबनम और उसके साथियों ने संकट मोचन मंदिर में दर्शन किया जहां पर हिंदू संगठन के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

“मैं सनातनी मुस्लिम हूं”- शबनम शेख

मीडिया से बातचीत करते हुए शबनम शेख ने बताया कि वह 31 दिनों में आज बांदा पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि राम सबके हैं और राम सब में हैं इसी का संकल्प लेकर वह मुंबई से अयोध्या के लिए निकली हुई है और उन्होंने खुद को सनातनी मुस्लिम भी बताया है।