Nakhat Singh Bhati Martyred: ऑपरेशन अलर्ट के दौरान शहीद हुए नखत सिंह भाटी, अपना घर बनाने का सपना रह गया अधूरा

Published

Nakhat Singh Bhati Martyred: 27 अगस्त मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश में ऑपरेशन अलर्ट के दौरान सेना के तीन जवान शहीद हो गए थे। इनमें बाड़मेर के हरसाणी गांव के रहने वाले हवलदार नखत सिंह भाटी भी शामिल थे। जिनकी अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। अप्रैल महीने में ड्यूटी पर लौटने से पहले नखत सिंह भाटी ने अपनी मां और अपनी पत्नी से कई वादे किए थे जो अब अधूरे रहे गए हैं। बता दें नखत सिंह भाटी के पार्थिव देह को लेकर गाड़ी बाड़मेर (जालीपा) मिलिट्री स्टेशन से उनके गांव हरसाणी के लिए रवाना हो गई है। इस बीच रास्ते में जगह-जगह पर भारत माता के जयकारे के साथ उनकी गाड़ी पर फूल बरसाए जा रहे हैं।

गाड़ी हरसाणी फांटा, भादरेश, चूली, होते हुए नखत सिंह भाटी के गांव हरसाणी पहुंचेगी। बता दें, इससे पहले तड़के करीब 3:30 बजे हेलिकॉप्टर से उनके पार्थिव देह को उतरलाई एयरबेस लाया गया था। यहां से उनके पार्थिव देह को आर्मी की टीम जालीपा मिलिट्री स्टेशन ले गई थी। जानकारी के मुताबिक, मिलिट्री स्टेशन से उनके गांव की दूरी करीब 95 किमी है।

27 अगस्त को ऑपरेशन अलर्ट के दौरान शहीद हुए 3 जवान

अरुणाचल प्रदेश में 27 अगस्त मंगलवार को ऑपरेशन अलर्ट के दौरान सेना के तीन जवान शहीद हो गए थे। इसमें बाड़मेर के हरसाणी गांव के रहने वाले हवलदार नखत सिंह भाटी भी शामिल थे। जैसे ही उनकी शहादत की खबर उनके गांव पहुंची तो गांव के बाजार बंद हो गए, और पूरे गांव में मातम छा गया था।

नखत सिंह भाटी ने खुद का घर बनाने का देखा था सपना

बता दें, अप्रैल में एक महीने की छुट्टी लेकर नखत सिंह भाटी बाड़मेर आए थे। इस बीच उन्होंने अपने मकान की नींव भरवाई थी। सपना था कि वह खुद अपने मकान बनवाएंगे। जैसे ही एक महीने की छुट्टी खत्म हुई तो ड्यूटी पर लौटने से पहले नखत सिंह ने अपनी मां और अपनी पत्नी प्रियंका कंवर से कहा था कि अगली बार दो महीने की छुट्टी लेकर आऊंगा। घर बनवाऊंगा और छोटे भाई उम्मेद सिंह (24 वर्षीय) की शादी करवाऊंगा। जो सपने नखत सिंह भाटी ने देखे थे वह अब सिर्फ सपने ही रह गए हैं। जानकारी के मुताबिक, शहादत से पहले रात को पत्नी से नखत सिंह ने फोन पर बात की थी। वहीं शहादत के दिन मंगलवार को उनकी पत्नी ने कई बार फोन ट्राई किया, लेकिन फोन नहीं लगा। परिवार के सदस्यों को शहादत की जानकारी मिल चुकी थी, लेकिन उन्होंने प्रियंका (पत्नी) से छिपाए रखा था।