Nitish Kumar controversy statement: बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार की महिला विधायक पर विवादित टिप्पणी, कहा- ‘अरे महिला हो, कुछ नहीं जानती हो, चुपचाप..’

Published

Nitish Kumar controversy statement: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विधानसभा में आपा खोते नजर आए हैं। मानसून सत्र के तीसरे दिन सीएम नीतीश कुमार सदन में जाति आधारित गणना पर सफाई दे रहे थे। इस दौरान विपक्षी विधायक हंगामा करते नजर आए, जिसके बाद सीएम नीतीश कुमार भड़क गए।

राजद और कांग्रेस विधायकों का हंगामा

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही राजद और कांग्रेस के सदस्यों ने आरक्षण के मसले को लेकर शोर-शराबा शुरू कर दिया। नीतीश कुमार अपने भाषण के दौरान बार-बार विपक्ष के विधायकों से अपील कर रहे थे कि एक बार पूरी बात सुन लीजिए। उन्होंने कहा, “मेरी इच्छा थी तभी हमने सभी पार्टियों को बुलाया था। उसके बाद बैठक किए थे। उसके बाद सर्वे कराया और जातिगत जनगणना कराया। उसके बाद ही जानकारी मिली।”

नीतीश कुमार ने महिला विधाक पर की विवादित टिप्पणी (Nitish Kumar controversy statement)

विपक्ष के विधायक लगातार हंगामा कर रहे थे, जिससे नीतीश कुमार आपा खो बैठे। नीतीश कुमार ने मसौढ़ी से राजद विधायक रेखा देवी को फटकार लगाते हुए कहा, “अरे महिला हो, कुछ जानती नहीं हो। आज महिला होकर बोल रही हो। राजद के समय कभी किसी महिला को बोलने की इजाजत थी? कभी वो लोग किसी महिला को आगे बढ़ाए थे? 2005 के बाद हमने महिला को बढ़ाया। आज बोल रही हो फालतू…. इसलिए कह रहे हैं सुनो। अरे क्या हुआ, हम जो कह रहे हैं उसको सुनो, क्या हुआ सुनोगे नहीं, हम तो सुनाएंगे।”

विपक्ष का आरोप: मुख्यमंत्री ने किया महिला का अपमान

इसके बाद राजद और कांग्रेस विधायकों ने सदन में फिर से हंगामा शुरू कर दिया। विपक्ष का कहना है कि नीतीश कुमार ने एक महिला का अपमान किया है। वहीं, इस मामले पर रेखा देवी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री एक तरफ महिला उत्थान की बात करते हैं और वहीं दूसरी तरफ इस तरह का बयान देते हैं। हम लोग समझते हैं कि वो बुजुर्ग हो गए हैं।”

पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान

यह पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार ने सदन में कोई विवादित टिप्पणी की है। 2023 में भी नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए विवादित बयान दिया था। नीतीश तब विधानसभा में जनसंख्या नियंत्रण पर बोल रहे थे। इस दौरान वह शादी के बाद पति-पत्नी के संबंधों को लेकर ऐसा कुछ कह गए थे, जिसकी हर किसी ने आलोचना की थी।