PM Modi Bill Gates: ‘हमारे यहां बच्चा पैदा होता है तो ‘आई’ और AI दोनों बोलता है…’, पीएम मोदी ने बिल गेट्स के साथ चर्चा में गिनाया भारत में टेक्नोलॉजी का कमाल

Published

PM Modi Bill Gates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स के बीच प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, एआई, और जलवायु और कृषि जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश में तकनीकी उन्नति को बढ़ावा देने के लिए अपने कई कार्यक्रमों का वर्णन किया, जैसे आयुष्मान भारत योजना और नमो ऐप के माध्यम से प्रौद्योगिकी का उपयोग। उन्होंने कहा कि उनका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि गांवों तक डिजिटल सुविधाएं पहुंचे और इसमें महिलाओं को भी शामिल किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने कृषि क्षेत्र में बड़ी क्रांति लाने का भी आश्वासन दिया। बिल गेट्स ने भारत सरकार के प्रयासों की सराहना की और उन्हें प्रौद्योगिकी के माध्यम से सामाजिक और आर्थिक सुधार करने के लिए प्रोत्साहित किया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे यहां जब बच्चा पैदा होता है, तो ‘आई’ (मां) भी बोलता है और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) भी बोलता है।

नरेंद्र मोदी ने बिल गेट्स को बताया कि उन्हें यह भी बताया कि 2023 जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान एआई का उपयोग कैसे किया गया, काशी तमिल संगमम कार्यक्रम के दौरान उनके हिंदी भाषण का तमिल में अनुवाद कैसे किया गया और नमो ऐप में एआई का उपयोग कैसे किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षकों की कमी को तकनीक से पूरा करने का भी उत्साह दिखाया। उनके मुताबिक, टेक्नोलॉजी के जरिए बनाई गई शैक्षणिक सामग्री बच्चों की शिक्षा को बेहतर बना सकती है। इसके साथ ही बिल गेट्स ने एआई और टेक्नोलॉजी के महत्व को भी गहराई से समझाया और इसका उपयोग कर लोगों को बेहतर जीवन का अवसर प्रदान करने की बात कही।

उन्होंने भारत के प्रयासों की सराहना की और उन्हें तकनीकी उन्नति की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस संवाद ने दोनों देशों के बीच विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उपलब्धियों के साझा अनुभव को मजबूत किया और सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

लेखक: करन शर्मा