PM Modi On Poland Visit: भारत युद्ध में नहीं शांति में करता है विश्वास- PM मोदी

Published

PM Modi On Poland Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय 21-22 अगस्त की पोलैंड यात्रा पर हैं। आज पीएम मोदी का पोलैंड में दूसरा दिन है। बीते दिन पीएम मोदी ने पोलैंड के वारसॉ में एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया।

इस बीच उन्होंने कहा, ”यह नजारा अद्भुत है। आप लोगों ने यहां मेरा भव्य स्वागत किया और इसके लिए मैं आप सभी का बहुत आभारी हूं। 45 साल बाद किसी भारतीय पीएम ने पोलैंड का दौरा किया है। दशकों तक भारत की नीति सभी देशों से समान दूरी रखने की थी लेकिन नए भारत की नीति सभी देशों से निकटता रखने की है। आज भारत सबका साथ-सबका विकास की बात करता है। और दूसरों के बारे में सोचता है। आज दुनिया भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही है।”

“भारत युद्ध में नहीं शांति में विश्वास करता है”

इसी के साथ पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जानकारी देते हुए बताया कि “भारत और पोलैंड एक सामाजिक सुरक्षा समझौते पर सहमत हुए हैं। भारत की दृष्टि वैश्विक है, भारत की संस्कृति वैश्विक है। हमारे पूर्वजों ने हमें ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का मंत्र दिया है। हम पूरी दुनिया को एक परिवार मानते हैं। सहानुभूति भारतीयों की पहचान में से एक है।

जब भी किसी देश पर कोई मुसीबत आती है तो भारत मदद करने वाला पहला देश होता है। जब कोविड आया तो भारत ने कहा मानवता पहले। भारत दूसरे देशों के नागरिकों की मदद करता है। भारत बुद्ध की परंपरा में विश्वास करता है, इसलिए युद्ध में नहीं शांति में विश्वास करता है। भारत इस क्षेत्र में शांति का समर्थक है और यह स्पष्ट है कि यह युद्ध का समय नहीं है। हमें चुनौतियों से लड़ने के लिए एक साथ रहने की जरूरत है। भारत कूटनीति और संवाद पर ध्यान केंद्रित करता है।”