राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिला तिमोर लेस्ते का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

Published

President Droupadi Murmu: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शनिवार को तिमोर लेस्ते के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड-कॉलर ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते से सम्मानित किया गया है। इस बात की जानकारी खुद राष्ट्रपति भवन की ओर से दी गई है। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट किया गया और तस्वीर के साथ लिखा गया, तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड-कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते से सम्मानित किया। इस पोस्ट में आगे बताया गया, यह पुरस्कार सार्वजनिक सेवा में उनकी उपलब्धियों तथा शिक्षा, सामाजिक कल्याण और महिला सशक्तिकरण के प्रति समर्पण के लिए दिया गया है. राष्ट्रपति मुर्मू फिजी और न्यूजीलैंड की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद आज सुबह तिमोर-लेस्ते पहुंचीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिमोर लेस्ते के राष्ट्रपति के साथ की द्विपक्षीय वार्ता

राष्ट्रपति मुर्मू ने तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता की है, उन्होंने कहा, भारत और तिमोर-लेस्ते लोकतंत्र और बहुलवाद के मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध हैं और दोनों देशों के बीच मधुर एवं मैत्रीपूर्ण संबंध हैं. मुर्मू ने तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता के साथ दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा की. मुर्मू तिमोर-लेस्ते की यात्रा करने वाली पहली भारतीय राष्ट्रपति हैं. दिली स्थित राष्ट्रपति भवन में मुर्मू का स्वागत किया गया और उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण किया।