राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को करेंगी संबोधित

Published
President Droupadi Murmu
President Droupadi Murmu

नई दिल्ली/डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज, 27 जून गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। यह संबोधन 18वीं लोकसभा के गठन के बाद संसद की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का पहला होगा। संसद भवन के गजद्वार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा तथा राज्यसभा के पीठासीन अधिकारी राष्ट्रपति मुर्मु की अगवानी करेंगे।

क्या कहता है संविधान का अनुच्छेद 87?

संविधान के अनुच्छेद 87 के तहत, प्रत्येक लोकसभा चुनाव के बाद सत्र की शुरुआत में राष्ट्रपति को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करना अनिवार्य है। इसके अलावा, राष्ट्रपति हर साल संसद के पहले सत्र में भी दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हैं।

सुबह 11 बजे से शुरू होगा राष्ट्रपति का अभिभाषण

मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का काफिला सुबह 10:35 बजे राष्ट्रपति भवन से रवाना होगा। इसके बाद, उनका काफिला 10:55 बजे संसद भवन के गज द्वार पर पहुंचेगा। जहां राष्ट्रपति का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू को सेंगोल के साथ लोकसभा चैंबर तक ले जाया जाएगा। लोकसभा चैंबर पहुंचने के बाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण सुबह 11 बजे शुरू होगा।

लेखक-प्रियंका लाल