प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर पलटवार, कहा, “जनता के अधिकारों को किया कमजोर”

Published
प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी

Lok Sabha Election 2024: गुजरात में लोकसभा चुनाव 7 मई को होने वाला है। चुनाव-प्रचार के अंतिम चरण में पहुंच जाने पर जुबानी जंग भी तेज हो चुकी है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी द्वारा राहुल गांधी को शहजादा कहने पर पलटवार किया। बनासकांठा की रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि वे महल में रहते हैं, वे एक शहंशाह हैं।

प्रियंका गांधी का पलटवार

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने गुजरात दौरे के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। बनासकांठा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि, “पीएम नरेंद्र मोदी शहंशाह हैं, जो महल में रहते है लेकिन जनता से कटे हुए है।” प्रियंका गांधी की इस बात को पीएम मोदी द्वारा राहुल गांधी को शहजादा कहे जाने वाले तंज पर पलटवार माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने बनासकांठा की सभा में क्षेत्रीय आंदोलन और इलेक्टोरल बांड का भी मुद्दा उठाया।

“मोदी नहीं कर सकते समस्याएं हल”

बनासकांठा रैली में प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा, “वो मेरे भाई को शहजादा कहते है। मै उन्हें बताना चाहती हूं कि शहजादे आपकी समस्याएं सुनने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4,000 किलोमीटर तक चले, मेरे भाइयों और बहनों, किसानों और मजदूरों से मिले और उनसे उनकी समस्याओं के बारे में पूछा।” बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी ने गुजरात दौरे में दो मई को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर हमला किया था। पीएम मोदी ने कहा था, “पाकिस्तान कांग्रेस के शहजादे को भारत का अगला प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्सुक है, क्योंकि देश के दुश्मन एक कमजोर सरकार चाहते है।”

यह भी पढ़े:- भगवाधारी हुए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, पुजारियों ने ओढ़ाया भगवा शॉल

प्रियंका का मोदी पर हमला

प्रियंका ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि, “दूसरी ओर आपके शहंशाह मोदी है। वो महलों में रहते है। क्या आपने कभी उनका चेहरा टीवी पर देखा है? एकदम साफ-सुथरा सफेद कुर्ता, एक भी दाग नहीं, एक बाल भी इधर से उधर नहीं। वो आपकी मेहनत, आपकी खेती को कैसे समझेंगे?” इतना ही नहीं कांग्रेस नेता ने यह भी कहा, “भाजपा संविधान को बदलना चाहती है। पीएम मोदी ने 10 वर्षो में सिर्फ लोगों को मिले अधिकार को कमजोर किया है।”

लेखक : रंजना कुमारी