सनातन पर फिर उठा सवाल, विवादों के बीच बोले कर्नाटक के गृहमंत्री

Published

Karnataka: सनातन धर्म पर विवादित बयान देने के बाद उदयनिधि स्टालिन का पूरे देश में हिंदू समुदाय की ओर से विरोध किया जा रहा है। स्टालिन के टिप्पणी के बाद विवाद और बयानबाजी का दौर अभी थमा भी नहीं कि एक के बाद एक कई नेता सनातन को लेकर लगातार टिप्पणी कर रहे हैं। फिलहाल कर्नाटक के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने भी हिंदू धर्म को लेकर एक नया सवाल खड़ा कर दिया।

कर्नाटक के गृहमंत्री का बयान

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने सनातन पर छिड़े विवाद के बाद एक नई बहस शुरु कर दी है। उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि हिंदू धर्म आखिर पैदा कहां हुआ? इसे किसने बनाया? उन्होंने कहा पूरी दुनिया के इतिहास में कई धर्मों का जन्म हुआ। जैन और बौद्ध धर्म की उत्पत्ती भारत में हुई लेकिन हिंदू धर्म कब और कहां पैदा हुआ? ये अभी भी सवाल है।

कोरातागेरे के मारुति कल्याण मंडपम में शिक्षक दिवस के मौके पर पहुंचे जी. परमेश्वर ने ये टिप्पणी की। उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश में जैन और बौद्ध का इतिहास भारत से जुड़ा है। इस्लाम और ईसाई समुदाय दूसरे देशों से भारत में आया। लेकिन सभी धर्मों में मानव जाति की अच्छाई के लिए एक ही भाव है।

खड़गे के बेटे ने भी दिया था विवादित बयान

शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को जड़ से उखाड़ फेंकने की बात कही थी। जिसके बाद सियासी गलियारों में बवाल मच गया। भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधने के साथ ही उदयनिधि के बयान की निंदा करने पर जोर दिया था। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने उदयनिधि के बयान का समर्थन किया। जिसके बाद दोनों के खिलाफ यूपी के रामपुर की एक अदालत में केस भी दर्ज कराया गया है।

लेखक: बिट्टू वर्मा