बंगाल में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को हुई दिक्कत, मल्लिकार्जुन खड़गे ने ममता बनर्जी को पत्र लिख की अपील

Published

नई दिल्ली: राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) को असम के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात तो ये है कि पश्चिम बंगाल सरकार से राहुल गांधी ने ऐसी उम्मीद नहीं की थी।

क्योंकि ममता बनर्जी की TMC पार्टी I.N.D.I.A गठबंधन की सहयोगी पार्टियों में से एक है। लेकिन इसके बावजूद भी राहुल गांधी को पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक बैठकों की अनुमित नहीं मिल रही है। इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर राज्य से गुजरने वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए उचित अधिकारियों को निर्देश जारी करने को कहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने पत्र में लिखा है कि, “जैसा कि आप जानती हैं, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राष्ट्र को ठीक करने और एकजुट करने के लिए न्याय का संदेश फैलाने के लिए मणिपुर से महाराष्ट्र तक “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” शुरू की है। इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी ने पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक “भारत जोड़ो यात्रा” के रूप में पदयात्रा की थी। यह यात्रा बिना किसी अप्रिय घटना के पूरे देश में कन्याकुमारी से कश्मीर तक चली थी।”

उन्होंने अपने पत्र में आगे लिखते हुए कहा- हालांकि, आप जानती होंगी कि कुछ उपद्रवियों ने आपके पड़ोसी राज्यों में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा को निशाना बनाया था। यह राजनीतिक उकसावे पर किया गया है, लेकिन हमारे कैडर ने इसका बहादुरी से सामना किया।

अब यात्रा पिछले कुछ दिनों से बंगाल से होकर गुजर रही है। मुझे अवगत कराया गया है कि कुछ शरारती तत्व फिर से यात्रा में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। मुझे यकीन नहीं है कि इरादा राज्य प्रशासन को खराब छवि दिखाने या यात्रा को बाधित करने का हो सकता है।

मैं आपसे अनुरोध करते हुए लिख रहा हूं कि आप बंगाल के माध्यम से यात्रा को सुचारू रूप से चलाने और राहुल गांधी सहित यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित निर्देश जारी करें।

बता दें कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने ममता बनर्जी और गांधी परिवार के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों का हवाला देते हुए पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफल बनाने का आग्रह किया।