समृद्धि एक्सप्रेसवे भीषण सड़क हादसा, 7 की मौत कई घायल

Published

नई दिल्ली/डेस्क: महाराष्ट्र के जालना में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में 7 लोगों की मौत और करीब 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ, जब दो कारों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों कारों को सड़क से हटाया और शवों को जालना जिला अस्पताल पहुंचाया।

कैसे हुआ यह हादसा?

यह हादसा जालना जिले के कडवंची गांव के पास हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई अर्टिगा कार नागपुर से मुंबई की ओर जा रही थी। वहीं इसी बीच डीजल भरकर गलत साइड से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार की अर्टिगा से जोरदार टक्कर हो गई। स्विफ्ट कार की टक्कर से अर्टिगा कार हाईवे पर लगे बैरिकेड को तोड़ते हुए सीधे नीचे गिर गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से कार को उठवाया। इस हादसे में करीब 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए गंभीर रूप से घायलों में से तीन की पहचान हो गई है। तीनों घायलों के नाम अल्ताफ मंसूरी, शकील मंसूरी और राजेश है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

लेखक-प्रियंका लाल