Sonipat News: फैक्ट्री में बॉयलर फटने से 40 से अधिक मजदूर घायल, 8 की हालत नाजुक

Published
Sonipat News
Sonipat News

Sonipat News: सोनीपत के राई औद्योगिक क्षेत्र में रबर बेल्ट बनाने की फैक्ट्री में बॉयलर फट गया। अचानक हुए हादसे के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले सभी चपेट में आ गए। हादसे में करीब 40 से अधिक कर्मचारी घायल हो गए जिसमें से 8 की हालत गंभीर है। हादसे की सूचना के बाद जिला प्रशासन और सोनीपत डीसी घटनास्थल पर पहुंचे। सोनीपत डीसी ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

आग पर काबू पाने की कोशिश जारी

सूचना मिलने के बाद पहुंचे फायर ब्रिगेड विभाग के कर्मचारी आग पर काबू पाने की कोशिश करने में लगे हुए है। राई औद्योगिक क्षेत्र में सांवरिया एक्सपोर्टस के नाम से फैक्ट्री नंबर 329 में रबर बेल्ट बनाने का काम किया जाता था। आज फैक्ट्री में अचानक से बॉयलर फट गया। फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों के अलावा पास वाली फैक्ट्री के कर्मचारी भी बॉयलर की चपेट में आ गए। 1 महिला और 40 से अधिक मजदूर झुलस गए हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर है।

सभी घायलों का किया जा रहा है इलाज

हादसे की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की सहायता से पुलिस ने घायलों को सोनीपत सिविल अस्पताल में भर्ती किया। सोनीपत के निजी अस्पताल और 8 मजदूरों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। वहीं अन्य का सोनीपत सिविल अस्पताल और निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। काम कर रहे मजदूरों के साथी ने बताया कि फैक्ट्री में अचानक से ब्लास्ट हुआ था।

लेखक: रंजना कुमारी