छात्र नेता से की थी शुरुआत, सभी 4 सदनों के सदस्य बने थे सुशील कुमार मोदी

Published
Bihar former Deputy Chief Minister Sushil Kumar Modi
Bihar former Deputy Chief Minister Sushil Kumar Modi

Sushil Kumar Modi: छात्र नेता से बिहार के डिप्टी सीएम बने सुशील कुमार मोदी का 13 मई, 2024 को निधन हो गया है। सुशील कुमार मोदी गले के कैंसर से जूझ रहे थे। लंबे समय से गले के कैंसर से जूझ रहे सुशील कुमार मोदी ने दिल्ली के एम्स अस्पताल में 13 मई को आखिरी सांस ली। उनके निधन के साथ ही उनके राजनीतिक सफर का भी अंत हो गया। बता दें बिहार के पटना में जन्मे सुशील कुमार मोदी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत एक छात्र नेता के तौर पर की थी। कैसे उन्होंने बिहार के डिप्टी सीएम तक का सफर तय किया जानते हैं।

छात्र नेता से बिहार के उपमुख्यमंत्री तक का सफर

सुशील कुमार मोदी का जन्म 5 जनवरी 1952 को बिहार के पटना में हुआ था। उन्होंने साल 1971 में छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। साल 1973 में वो पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के महासचिव बने। इसके बाद उन्होंने 1990 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा। पहली बार सुशील कुमार मोदी पटना मध्य निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बने और फिर उन्हें बीजेपी विधायक दल का मुख्य सचेतक बनाया गया।

साल 2005 में सुशील कुमार मोदी ने लोकसभा सदस्यता छोड़ दी और बिहार विधान परिषद के सदस्य बने। बता दें इसके बाद उन्हें बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। साल 2005 से 2013 और फिर 2017 से 2020 के दौरान वो बतौर उपमुख्यमंत्री अपनी भूमिका निभाते रहे। साल 2020 में वह राज्यसभा के लिए चुने गए और साल 2024 की शुरुआत में वो सेवानिवृत्त हुए।

सुशील कुमार मोदी बिहार के उन चंद नेताओं में से एक थे जिन्होंने लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा, विधान परिषद यानी सभी 4 सदनों के सदस्य रहे हैं।

लेखक-प्रियंका लाल