Sultan of Brunei: बहुत लग्जरी लाइफ जीते हैं ब्रुनेई के सुल्तान… प्राइवेट जेट्स सहित 7000 से अधिक कारों के मालिक

Published
Sultan of Brunei

Sultan of Brunei: पीएम नरेंद्र मोदी 3 सितंबर से दो दिन की ब्रुनेई दारुस्सलाम के दौरे पर हैं। इस दौरान ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया (Sultan of Brunei) से मुलाकात करने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश और ऊर्जा जैसे मुख्य मुद्दों पर चर्चा होने वाली है। बता दें कि ब्रुनेई के सुल्तान बोल्किया दुनिया के सबसे अमीर शासकों में से एक हैं। उनकी लाइफस्टाइल बेहद लग्गजरी और आलीशान हैं। उनकी लाइफ इतनी शाही है कि 7000 से ज्यादा कारों का कलेक्शन और प्राइवेट जेट्स भी शामिल है।

कहां है ब्रुनेई?

ब्रुनेई का पूरा नाम ब्रुनेई दारुस्सलाम है। यह दक्षिण पूर्वी एशिया का एक छोटा सा देश है, जो बोर्नियो द्वीप पर बसा है। बता दें कि ब्रुनेई कुल 5765 स्क्वायर किलोमीटर में फैला हुआ है। यह इतना छोटा है कि भारत के सिक्किम जैसे कई राज्य भी इससे बड़े हैं। ब्रुनेई की राजधानी बंदर सेरी बेगावन है।

कितने अमीर है ब्रुनेई के सुल्तान

ब्रुनेई में 14वीं शताब्दी से ही राजशाही है। अभी वहां के सुल्तान हाजी हसनल बोल्कैया हैं। वह साल 1967 से ही सुल्तान की गद्दी पर हैं। साल 1984 में जब अंग्रेज यहां से गए तब बोल्कैया प्रधानमंत्री भी बन गए। साल 1980 तक तो वह दुनिया के सबसे अमीर शख्सों में से एक थे। उनकी तीन पत्नियों से 12 बच्चे हैं, जिनमें पांच बेटे और सात बेटियां शामिल हैं। उनकी पांचवीं बेटी राजकुमारी अजेमा हैं।

दुनिया के सबसे बड़े पैलेस के मालिक

ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोल्कैया दुनिया के सबसे बड़े पैलेस में रहते हैं। उनका महल ‘इस्ताना नुरुल इमान’ दुनिया के सबसे महंगे और आलीशान पैलेस में शुमार है। 20 लाख वर्ग फीट में फैले इस पैलेस को 1984 में बनाया गया था और तब इसकी लागत करीबन 50 अब रुपए आई थी। इस्ताना नुरुल इमान में 22 कैरेट सोने का गुंबद है। इसमें 1700 कमरे, ढाई सौ से ज्यादा बाथरूम और पांच स्विमिंग पूल हैं। एक साथ दो सौ से अधिक गाड़ियां भी पार्क की जा सकती हैं।

7000 से अधिक कारों का कलेक्शन

ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया को कारों का शौक है और उनके पास करीब 7000 कारें हैं। इसमें 600 रॉल्स राइस, 300 फेरारी, 134 कोएनिगेग्स, 11 मैक्लैरेन एफ1एस, 6 पोर्शे 962 एमएस और कई जगुआर कारें शामिल हैं। इन कारों को रखने के लिए उनके महल में 110 गैराज बने हैं। इसके साथ ही ब्रुनेई के सुल्तान को घोड़ों का भी बेहद शौक है।

भारत के लिए ब्रुनेई क्यों जरूरी?

ब्रुनेई भले ही छोटा देश हो, लेकिन उसके पास तेल और प्राकृतिक गैस के बड़े भंडार हैं। इसकी अर्थव्यवस्था भी इसी पर चलती है। भारत ने ब्रुनेई के हाइड्रोकार्बन उद्योग में करीब 270 मिलियन डॉलर का निवेश किया है। दोनों देश अंतरिक्ष तकनीक से लेकर स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। सामरिक विशेषज्ञों का कहना है कि कूटनीतिक दृष्टि से ब्रुनेई भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है। खास तौर पर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन का मुकाबला करने के लिए ब्रुनेई का साथ काफी अहम है। इसकी सीमा उत्तरी दक्षिण चीन सागर को छूती है, जहां उसका चीन के साथ विवाद रहा है।

यह भी पढ़ें: Chhattisgarh Naxal Encounter: सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 9 नक्सली ढेर