पंजाब में इंस्टाग्राम के जरिये हो रही अवैध हथियारों की सप्लाई

Published

खन्ना/पंजाब: आज के डिजिटल युग में इंस्टाग्राम का काफी क्रेज है खासकर युवा बहुत ज्यादा इंस्टाग्राम का प्रयोग करते है वहीं इंस्टाग्राम को लेकर पंजाब से एक मामला सामने आया है। बता दें, पंजाब में इंस्टाग्राम के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई हो रही है। इंस्टाग्राम पर युवाओं को हथियार सप्लाई के बदले पैसे देने का लालच दिया जाता है। बड़े आपूर्तिकर्ताओं ने अब सोशल मीडिया को अवैध व्यापार समर्थन में बदल दिया है।  

खन्ना पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चार तमंचे भी बरामद किये गये।  ये दोनों खरड़ से लुधियाना हथियार सप्लाई करने जा रहे थे।  उनकी पहचान अभिषेक सक्सेना निवासी सेक्टर-40ए चंडीगढ़ और अमन निवासी सेक्टर-39 मलोआ कॉलोनी चंडीगढ़ के रूप में हुई। अभिषेक की उम्र 22 साल और अमन की उम्र 18 साल है। दोनों प्राइवेट नौकरी करते थे। वे इंस्टाग्राम के जरिए सप्लायर के संपर्क में आए।

SSP अमनित कोंडल ने दी मामले की जानकारी

एसएसपी अमनित कोंडल ने बताया कि, चंडीगढ़-लुधियाना नेशनल हाईवे पर हेडन पुलिस चौकी के पास नाकाबंदी थी।  इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को संदेह के आधार पर रोका गया।  उनके पास एक बैग था, बैग से प्वाइंट 315 बोर (देसी कट्टा) की 3 पिस्तौलें बरामद हुईं।  बाद में उनकी निशानदेही पर एक और पिस्तौल बरामद की गई। दोनों के पास से कुल 4 पिस्टल बरामद की गईं।

एसएसपी कोंडल ने बताया कि, जांच के दौरान अहम खुलासे हुए हैं।  पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम से अमन से संपर्क किया था उन्हें हथियारों की आपूर्ति की पेशकश की गई थी।  जिसके बाद अमन ने अपने दोस्त अभिषेक से भी संपर्क किया। अमन और अभिषेक खरड़ से पिस्तौल लेकर लुधियाना में सप्लाई करने जा रहे थे।  रास्ते में ही उन्हें पकड़ लिया गया।

SSP ने युवा पीढ़ी से की अपील

पुलिस अब इंस्टाग्राम आईडी वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है, जबकि खरड़ में पिस्तौल देने वाले व्यक्ति की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है।  इसके साथ ही एसएसपी कोंडल ने युवा पीढ़ी से सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति के संपर्क में न आने की भी अपील की।  किसी के बहकावे में आकर कोई भी अवैध कारोबार न करें।  

रिपोर्ट- परमिंदर वर्मा

खन्ना, पंजाब