डेंगू का खतरा बढ़ा, नगर पालिका निगम ने किया अलर्ट

Published

भिलाई/छत्तीसगढ़: नगर पालिक निगम ने डेंगू को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। भिलाई में अब तक 4 डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें से 3 टाउनशिप क्षेत्र के और 1 निगम क्षेत्र के हैं। फिलहाल 2 मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। निगम प्रशासन ने अपने स्वास्थ्य अमले को अलर्ट रहने कहा है।

खास बात है कि टाउनशिप क्षेत्र में मिलने वाले तीनों मरीज सेक्टर 2 और सड़क 4 के ही हैं। सेक्टर 2 सड़क 4 निवासी के राजीव, सुयश साहू और उनकी माता पूजा साहू की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। इस तरह यह माना जा सकता है कि इस सड़क में डेंगू फैलाने वाले मच्छर खतरा बने हुए हैं। 

इधर निगम क्षेत्र में शांतिनगर वार्ड 14, सड़क 28 निवासी सुमित कर्मकार 25 वर्ष को भी डेंगू प्रभावित बताया गया है। इनमें से पूजा साहू और सुमित कर्मकार दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सुमित कर्मकार मुंबई में रहते हैं। स्पर्श हॉस्पिटल में उनका इलाज किया जा रहा है, अनुमान है कि वे मुंबई से ही डेंगू प्रभावित होकर आए हैं।

क्वार्टर नंबर 19 /ए, सड़क 4, सेक्टर 2 न वासी के राजीव 14 वर्ष को बुखार आ रहा था। बुखार ठीक नहीं होने पर सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां जांच होने पर डेंगू की पुष्टि हुई। क्वार्टर नंबर 21 /बी, सड़क 4, सेक्टर 2 निवासी सुयश साहू 3 वर्ष डेंगू की चपेट में आ गया था, रेनबो चिल्ड्रन हॉस्पिटल, भिलाई में भर्ती किया गया। फिलहाल सब की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

लेखक: रोहन मिश्रा