पंचकूला में विधवा पेंशन बनवाने वाला मास्टमाइंड गिरफ्तार, जीवित लोगों का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर करता था खेल

Published

पंचकूला/हरियाणा: 18 अगस्त 2022 को जिला कल्याण विभाग पंचकूला की जांच से पता चला कि कुछ व्यक्ति फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर विधवा पेंशन ले रहे हैं। जब इस बात की जानकारी पुलिस को मिली तो मामले की जांच करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था तो वहीं दूसरा आरोपी फरार हो गया था जिसको अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले की जानकारी देते हुए पंचकूला पुलिस ACP सुरेंद्र कुमार ने बताया कि, पुलिस उपायुक्त सुमेर प्रताप सिंह के निर्देशानुसार पुलिस चौकी मौली इंचार्ज मनदीप सिंह ढाण्डा व उसकी टीम सदस्य एएसआई कप्तान सिंह के द्वारा फर्जी विधवा पेंशन बनाने के मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गये आरोपी की पहचान संजीव कुमार पुत्र कृष्ण लाल वासी बैंक कॉलोनी मनीमाजरा चंडीगढ़ के रूप में हुई।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक दिनांक 18 अगस्त 2022 को जिला कल्याण विभाग पंचकूला की जांच से पता चला कि कुछ व्यक्ति फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर विधवा पेंशन ले रहे हैं। जिसकी जांच से पाया कि एक महिला देवी ने बताया कि उसकी पहचान आरोपी राजेन्द्र कुमार से है जो कि आपकी पेंशन लगवा देगा परन्तु आपको 5-7 महीने की पेंशन उनको देनी पडेगी।

वहीं, विभाग द्वारा रिकार्ड को चेक करने पर पता चला कि आरोपी कुछ महिलाओं द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार करके विधवा पेंशन तथा वृद्धावस्था पेंशन लगवाता है। जिस मामले में रायपुर रानी पुलिस थाने  में IPC की धारा 420,467,468,471 और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया।

जिस मामले में आरोपी राजेन्द्र कुमार वासी करनाल को गिरफ्तार करके रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आज एक अन्य संलिप्त आरोपी संजीव कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार किया गया आरोपी संजीव कुमार पेंशन विभाग पंचकूला में कॉन्ट्रैक्ट तौर पर कार्य करता था। संजीव कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया है। जहां से कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में अंबाला जेल भेज दिया।

रिपोर्ट- अक्षय धीमान