पंजाब में NHI की परियोजनाओं पर संकट! केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सीएम भगवंत मान को दी चेतावनी

Published

Nitin Gadkari’s warning to Punjab Govt: केंद्र सरकार ने पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर गहरी चिंता जताते हुए पंजाब सरकार को चेतावनी दी है कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर ग्रहण लग सकता है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर राज्य में चल रही आठ प्रमुख परियोजनाओं को रद्द करने की संभावना जताई है।

गडकरी का यह कदम दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पर ठेकेदारों के साथ हुई हिंसक घटनाओं के बाद आया है। उन्होंने अपने पत्र में एनएचएआई द्वारा पंजाब में चलाए जा रहे विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर के निर्माण कार्यों में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं का उल्लेख किया है। गडकरी ने अधिकारियों, ठेकेदारों और उनके कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन में बड़ी बाधा बन रही है।

‘अगर स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया तो…’- नितिन गडकरी

गडकरी ने आगे कहा कि अगर स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो पंजाब में 293 किलोमीटर लंबे 14,288 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को बंद करना पड़ सकता है। इससे पहले भी राज्य में 103 किलोमीटर लंबे 3,263 करोड़ रुपये के एक अन्य प्रोजेक्ट को बंद कर दिया गया था।

उन्होंने पंजाब के पीडब्ल्यूडी मंत्री के साथ हुई हालिया बैठक का भी जिक्र किया, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। हालांकि, गडकरी ने इस बात पर भी चिंता जताई कि बैठक के बावजूद स्थिति और बिगड़ गई है।

पंजाब सरकार से अपेक्षित कदम न उठाए जाने की स्थिति में ये परियोजनाएं बंद होने की कगार पर पहुंच सकती हैं, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।