वसुंधरा राजे ने ली भाजपा की सदस्यता; बोलीं- “घूम लिया मैंने जग सारा, अपना घर है सबसे प्यारा”

Published

झालावाड़/राज्स्थान: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में भाजपा की सदस्यता ली और कहा कि घूम लिया मैंने जग सारा, अपना घर है सबसे प्यारा। उन्होंने कहा कि मुझे जयपुर में सदस्यता ग्रहण करने के लिए कहा गया था, लेकिन मैंने निर्णय लिया कि मैं अपने घर झालावाड़ में ही सदस्यता लूंगी। इस अवसर पर सदस्यता अभियान के सह संयोजक विधायक निर्मल कुमावत भी मौजूद थे।

राजे ने कहा कि 21 अक्टूबर 1951 में हमारी विचारधारा का जो जनसंघ रूपी कारवां शुरू हुआ, वह आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है। यह हमारे कार्यकताओं की बदौलत हुआ, और कार्यकर्ताओं के धैर्य की वजह से हुआ। यदि धैर्य रखा जाए तो मंजिल जरूर मिलती है। हमारे कार्यकर्ताओं ने धैर्य रखा तो आज भाजपा इस मुकाम पर पहुंची। हमारे कार्यकर्ताओं के लिए पद नहीं, संगठन सर्वोपरि है। वे खुद के लिए नहीं संगठन के लिए जीते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि एक समय ऐसा भी था जब देश में जनसंघ की सिर्फ 3 सीटें हुआ करती थी। आज देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उसी विचारधारा से भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार है। एक जमाना था जब किसी गांव में सरपंच तक भाजपा का नहीं मिलता था, आज देश के अधिकांश प्रदेशों में भाजपा या उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं।

वसुंधारा राजे ने स्व. श्रीकृष्ण पाटीदार को दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर दो मिनट का मौन रख कर राज्य अभाव अभियोग निराकरण समिति के पूर्व अध्यक्ष स्व.श्रीकृष्ण पाटीदार को 2 मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि दी। इससे पूर्व राजे स्व.पाटीदार के गांव दुर्गापुरा पहुंची। वहां उन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। परिजनों को ढाढ़स बंधाया।

उस दौरान आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्याम शर्मा, सदस्यता अभियान के सह संयोजक निर्मल कुमावत, विधायक गोविंद रानीपुरिया, विधायक कालू मेघवाल, पूर्व विधायक नरेन्द्र नागर, ज़िला प्रभारी छगन माहुर, जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी व जिला अध्यक्ष संजय जैन।