Weather Update 2 September: मानसून फिर बदलेगा करवट, हिमाचल और महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट

Published

Weather Update 2 September: दिल्ली-एनसीआर में बीते दिन बारिश न होने के कारण लोगों को उमस वाली गर्मी का सामना एक बार फिर करना पड़ा। लेकिन आज लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम एक बार करवट लेने वाला है। दिल्ली एनसीआर के साथ देश के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में जानते हैं 2 सितंबर को मौसम कैसा रहने वाला है।

दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 2 सितंबर सोमवार यानी आज दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी के साथ मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25-26 डिग्री तक रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में मौसम अपना मिजाज फिर से बदलने वाला है। बारिश का सिलसिला जो थम गया था वो आज फिर एक्टिव हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में आने वाले दिन झमाझम बारिश के साथ आने वाले हैं। यूपी में 2 सितंबर से बारिश का दायरा बढ़ जाएगा। जिसके बाद पश्चिमी यूपी के अधिकतर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं बात अगर पूर्वी यूपी की करें तो पश्चिमी यूपी की तुलना में पूर्वी यूपी के कुछ यानी बहुत ही कम हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में हर साल मानसून जम कर गरजता और बरसता है। वहीं इस बार भी राज्य में बारिश जमकर हुई है। 2 सितंबर सोमवार यानी आज भी महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बारिश होगी। मुंबई में आज अधिकतम तापमान 24.38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.98 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश

मानसून की बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में कई सड़कें प्रभावित हुई हैं। वहीं 2 सितंबर सोमवार यानी आज मौसम विभाग ने राज्य में बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज हिमाचल प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।