Weather Update 23 September: भारी बारिश के बाद हिमाचल में हुआ ठंड का एहसास, जानें- आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

Published
Weather Update 23 September
Weather Update 23 September

Weather Update 23 September: देश के कई राज्यों में मानसून कमजोर पड़ना शुरू हो गया है। राजधानी दिल्ली में बीते दो दिनों में एक तरफ जहां दिन में धूप खिली को वहीं शाम को मौसम सुहावना रहा। लेकिन दिन में निकली धूप के कारण लोगों को एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं ओडिशा के साथ देश के कई राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा में आज भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली में अगले हफ्ते बारिश होने की संभावना है, साथ ही इस बीच राजधानी में धूप भी निकलेगी। आइए जानते हैं आज देश में मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली

राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से अच्छी धूप निकल रही है। जिसके कारण दिल्ली के लोगों को एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो-तीन दिन राजधानी में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली में आज मौसम साफ रहेगा। अगले हफ्ते राजधानी में बारिश की उम्मीद है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रहने की संभावना है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश

उत्तराखंड में बीते दिनों हुई लगातार बारिश के बाद अब मानसून कमजोर पड़ने लगा है। 22 सितंबर (रविवार) को राज्य के ज्यादातर जिलों में अच्छी धूप निकली। लेकिन वहीं शाम होते-होते राज्य में मौसम ठंडा हो गया। जिसके बाद लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 सितंबर तक राज्य में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। 25 सितंबर के बाद मानसून एक बार फिर राज्य में एक्टिव होता हुआ नजर आएगा। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो राज्य में लगातार हुई बारिश के कारण मौसम ठंडा बना हुआ है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिले की ऊंची चोटियों पर हुई ताजा बर्फबारी के कारण प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अभी कुछ दिनों तक बारिश देखने को मिल सकती है।

देश के इन हिस्सों में बारिश की संभावना!

देश के कुछ हिस्सों में अभी भी मानसून की बारिश का दौर जारी है। आईएमडी के मुताबिक, 23 सितंबर (सोमवार) को प्रायद्वीपीय भारत, मध्य भारत और उत्तर भारत में बारिश हो सकती है। वहीं, आईएमडी ने कोंकण तट, केरल, आंतरिक कर्नाटक, महाराष्ट्र, दक्षिणी गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना, उत्तरी तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में आज भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ मौसम विभाग ने नॉर्थ ईस्ट स्टेट के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।