Weather Update 3 September: देश में मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, जानें आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

Published
Weather Update

Weather Update 3 September: 2 सितंबर से एक बार फिर मानसून का मिजाज बदल गया है। बीते दिन देश की राजधानी दिल्ली में सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। जिसके बाद दिल्ली वासियों को उमस से राहत मिली। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी मानसून की बारिश से हाल बेहाल हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त है। ऐसे में जानते हैं आज देश में मौसम कैसा रहने वाला है।

दिल्ली

दिल्ली में मौसम बीते दिन हुई बारिश के बाद से सुहावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश के येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, आज दिल्ली में अचानक मौसम बिगड़ सकता है। जिसके बाद राजधानी में मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आने वाले 1 हफ्ते तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं इस बीच राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में बीते दिन मौसम ने करवट बदल ली है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 सितंबर मंगलवार यानी आज पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। बारिश होने की कारण राज्य में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट भी आ सकती है। इसी के साथ मौसम विभाग ने 4, 5 और 6 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में अधिकतर जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई है।

हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से स्थानीय लोगों का जीवन अस्त व्यस्त है। राज्य में बारिश के कारण कई सड़कें पर आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं, मौसम विभाग ने 3 सितंबर को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान और गुजरात

राजस्थान में मानसून एक बार फिर से रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 सितंबर मंगलवार यानी आज अलवर, सीकर, अजमेर और नागौर जिले में के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं गुजरात की बात करें तो राज्य में बीते दिनों लगातार हुई बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति बन गई थी। जिसके बाद बाढ़ में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर की सहायता से रेस्क्यू किया गया। वहीं, मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में इस हफ्ते भी भारी बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी ने 3 और 4 सितंबर को छोटा उदयपुर, नर्मदा और सूरत के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।