पत्नी को मारकर किया बेहोश, पेशाब पिलाने के भी आरोप, वीडियो वायरल

Published

सीहोर/मध्य प्रदेश: हमारे समाज में घरेलू हिंसा एक बड़ी समस्या है, जहां महिलाएं अपने साथ हो रहे अत्याचार पर भी नहीं बोलतीं। ऐसी ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में महिला का पति उसे बेरहमी से पीट रहा है। वीडियो मध्य प्रदेश की सीहोर की बताई जा रही है। 

बेरहमी से की पिटाई

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर से मानवता को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। सीहोर की एक महिला अंगूरी बाई को उसके पति राजेंद्र मालवीय ने बेरहमी से पिटाई की। वीडियो में साफ दिख रहा है कि, पति अपनी पत्नी को कभी हाथों से मार रहा है तो कभी लातों से पीट रहा है। महिला को तब तक पीटा गया जब तक कि वो बेहोश नहीं हो गई। 

गुहार लगाती रही पत्नी

वीडियो में पीड़ित पत्नी हाथ जोड़कर अपने पति से गुहार लगा रही है कि उसे न पीटा जाए, फिर भी बेरहम पति उसको निर्दयता से पीट रहा है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ट्विटर यूजर्स ने इस घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। 

पेशाब पिलाने के आरोप

इस पूरी घटना को लेकर पीड़िता ने बताया कि 26 जून को 11:00 बजे उसके पति राजेंद्र मालवीय ने लात और घूसे से बहुत मारा जिससे वो बेहोश हो गई। इसके अलावा अंगूरी ने आरोप लगाया कि मारने के अलावा उसके पति ने पेशाब पिलाई। पीड़ित महिला रात में अपने बच्चों के साथ भाग गई और अगले दिन सीहोर महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। 

मामले में सोई रही पुलिस 

इस पूरे मामले में पुलिस की निष्क्रियता भी सामने आई है। महिला के आवेदन के पूरे 10 दिन बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है। सीहोर महिला थाना प्रभारी पूजा राजपूत ने बताया कि आरोपी राजेंद्र मालवीय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है, और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

रिपोर्ट – जवाहरी लाल

सीहोर, मध्य प्रदेश