Woman molested in IndiGo flight: इंडिगो फ्लाइट में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़; डाटने के बाद भी छह बार की शर्मनाक हरकत

Published

छत्रपति संभाजीनगर/महाराष्ट्र: रिहायशी इलाके हों, ऑफिस, बाजार या फिर हवाई यात्रा, यहां पर महिलाएं सुरक्षित हैं इस बात की गारंटी कोई नहीं दे सकता। ऐसा इसलिए क्योंकि आए दिन कोई न कोई घटना ऐसी मिल ही जाती है। ऐसा ही मामला औरंगाबाद के छत्रपति संभाजीनगर हवाई अड्डे से सामने आया है। जहां एक डॉक्टर महिला ने दिल्ली से छत्रपति संभाजीनगर की फ्लाइट ली थी। फ्लाइट में यात्रा के दौरान एक निजी कंपनी के मैनेजर आसिफ खान ने अपनी आगे की सीट पर बैठी महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ की। यह घटना सोमवार (2 सितंबर) शाम 6:30 बजे की बताई जा रही है।

महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने यात्रा के दौरान उसके साथ 6 बार दुर्व्यवहार किया। जिसके बाद विमान के संभाजीनगर में उतरते ही महिला ने एमआईडीसी सिडको पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आसिफ खान अनवर अहमद (39) निवासी बारी कॉलोनी,  कटकट गेट छत्रपति संभाजीनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उससे 5 घंटे तक पूछताछ की और उसके बाद नोटिस जारी कर छोड़ दिया।

क्या है पूरा मामला?

महिला डॉक्टर अपने पती के साथ किसी प्राइवेट काम से दिल्ली गई हुई थी। वापसी में वह इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली से छत्रपती संभाजीनगर जा रहे थे। महिला डॉक्टर आगे की सीट पर बैठी थी, आरोपी आसिफ खान पिछली सीट पर बैठा था। उसने महिला डॉक्टर की शर्ट से छेड़छाड़ की कोशिश की। शरीर को छूकर आपत्तिजनक व्यवहार किया। इसका एहसास होते ही महिला ने उसे डांटा, लेकिन उसने ऐसा 6 बार किया।

जैसे ही विमान छत्रपती संभाजीनगर हवाईअड्डे पर उतरा, पीड़ित महिला डॉक्टर ने  हवाईअड्डा प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने 112 नंबर पर संपर्क कर पुलिस को बुलाया। पुलिस आरोपी आसिफ खान को शहर के सिडको एमआईडीसी थाने ले गई। जिसके बाद महिला ने वहां शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से रात 11 बजे तक पूछताछ की। इस मामले में आरोपी को नोटिस देकर रिहा कर दिया गया। पुलिस निरीक्षक गजानन कल्याणकर ने मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक राधा लाते को सौंपी है।