छठ पूजा के लिए तैयार यमुना! APP ने ट्वीट कर शेयर की जानकारी…

Published

छठ पूजा/नई दिल्ली: छठ पूजा दिवाली के छह दिन बाद मनाई जाती है और यह मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश का एक खास त्योहार है। हर बार की तरह इस बार भी दिल्ली में छठ पूजा के लिए एक विशेष चर्चा छिड़ी हुई है और वो है यमुना की सफाई को लेकर।

यमुना छठ पूजा के लिए तैयार-AAP

बता दें कि दिल्ली में रहने वाले लोग यमुना के किनारों पर ही छठ का पर्व मनाते हैं। इसको लेकर दिल्ली की मंत्री आतिशी के यह कहने के कुछ ही घंटों बाद कि अगले एक या दो दिनों में नदी पर जहरीला झाग साफ हो जाएगा, अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने एक बड़े अपडेट में कहा, “यमुना छठ पूजा के लिए तैयार है।”

बता दें कि चार दिवसीय त्योहार, जिसमें भक्त उपवास करते हैं और आखिरी दो दिन सूर्य देव को ‘अर्घ्य’ देते हैं। ये त्योहार 17 नवंबर को शुरू होगा और इसी दिन से नदी के घाटों पर लोग इकट्ठा होना शुरु हो जाएंगे। त्योहार के इस माहौल के बीच आम आदमी पार्टी ने एक्स पर कहा, “दिल्ली सरकार द्वारा फोमिंग के बाद यमुना इस समय ऐसी दिख रही है। छठ पूजा के लिए यमुना तैयार है।”

जबकि दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर साल ‘अर्घ्य’ देने के लिए यमुना के तट पर जुटते हैं, लेकिन नदी में प्रदूषण और झाग अक्सर उनके लिए जोखिम पैदा करते हैं। विपक्षी भाजपा और सत्तारूढ़ आप बड़े त्योहार से पहले यमुना की स्थिति को लेकर एक-दूसरे पर कटाक्ष कर रहे हैं। जिसको लेकर बीजेपी ने यमुना नदी में भारी प्रदूषण को मुद्दा बनाया और आप पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

दिल्ली बीजेपी के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि दिल्ली नगर निगम (MCD) के महापौर द्वारा छठ समितियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने की घोषणा के बावजूद, उन्हें तैयारियों के लिए कोई पैसा नहीं दिया गया।

एमसीडी पर आम आदमी पार्टी का नियंत्रण है।

इससे पहले मंगलवार को मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि आगामी छठ त्योहार के लिए 900 से अधिक घाट तैयार किए गए हैं और श्रद्धालुओं के लिए टेंट, रोशनी, ध्वनि और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।